~रक्षाबंधन पर भारतीय डाक से 135 देशों में राखी और उपहार ट्रैकिंग सुविधा के साथ भेजें। इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस पर किफायती दरें और ‘राखी मेल’ पर 10% विशेष छूट।

Ahmedabad, Gujarat, Aug 14 (VNI): उत्तर गुजरात क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने शुक्रवार को कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। यदि भाई या बहन विदेश में रहते हैं, तो अब दूरी स्नेह में बाधा नहीं बनेगी। भारतीय डाक विभाग की इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस के माध्यम से 135 देशों में किफायती दरों पर राखी और उपहार सुरक्षित रूप से ट्रैकिंग सुविधा के साथ भेजे जा सकते हैं।
श्री यादव ने बताया कि इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस अंतरराष्ट्रीय ई-कॉमर्स की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित विशेष सेवा है, जो व्यवसायिक ग्राहकों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से संबंधित गंतव्य देश की निर्धारित अधिकतम वजन सीमा के अधीन अधिकतम 5 किलोग्राम तक का पार्सल भेजा जा सकता है। इसकी प्रमुख विशेषता एंड-टू-एंड ऑनलाइन ट्रैकिंग सुविधा है। कम लागत, विश्वसनीय सेवा, व्यापक पहुंच और ट्रैकिंग सुविधा के कारण यह विदेशों में राखी भेजने का भरोसेमंद माध्यम बन गई है।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि भारतीय डाक की यह सेवा विदेशों में रह रहे लाखों भारतीयों और उनके परिवारों के बीच भावनात्मक सेतु का कार्य कर रही है। थाईलैंड, भूटान, चीन, म्यांमार, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में शुरुआती 50 ग्राम तक का पैकेट ₹185 में भेजा जा सकता है। मलेशिया, हांगकांग, कज़ाख़स्तान और वियतनाम के लिए शुरुआती 50 ग्राम का शुल्क ₹190 है। ग्रेट ब्रिटेन के लिए ₹200, जर्मनी और दक्षिण अफ्रीका के लिए ₹245, नीदरलैंड के लिए ₹320, ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के लिए ₹325, फ्रांस के लिए ₹335, इटली के लिए ₹350, कनाडा के लिए ₹360, ऑस्ट्रेलिया के लिए ₹395 और अमेरिका के लिए ₹400 शुल्क निर्धारित है। ब्राज़ील, मैक्सिको, अर्जेंटीना सहित अन्य देशों के लिए भी आकर्षक दरें उपलब्ध हैं। इन दरों पर 18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देय होगा।
श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर डाक विभाग द्वारा इनलैंड स्पीड पोस्ट (डॉक्यूमेंट) ‘राखी मेल’ पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है। इस छूट का लाभ लेने के लिए लिफाफे पर “राखी मेल” अंकित करना आवश्यक है। छूट केवल डाक शुल्क पर लागू होगी और एक ग्राहक एक बार में अधिकतम पांच राखी मेल बुक करा सकेगा। यह सुविधा केवल रिटेल काउंटर बुकिंग के लिए उपलब्ध होगी। VNI NEWS, Indian Post, Rakhi, Raksha Bandhan, International Tracked Packet Service, Rakhi Mail, Post Office, Rakhi Delivery, International Parcel, Krishna Kumar Yadav, Ahmedabad, Gujarat, 135 Countries, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *