~ गांधीनगर में शिक्षक दिवस पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 40 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया तथा शिक्षा में संस्कार, तकनीक और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व पर जोर दिया।
Gandhinagar, Gujarat, Sep 05 (VNI): गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शिक्षक दिवस के अवसर पर गांधीनगर में आयोजित राज्य स्तरीय श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार समारोह में राज्य के 40 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकों को श्रेष्ठ शिक्षक पारितोषिक, प्रशस्ति पत्र तथा सम्मान राशि प्रदान की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। उन्होंने शिक्षा में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आत्मज्ञान के महत्व पर बल देते हुए कहा कि केवल भौतिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में मानवता, देशभक्ति और पारिवारिक मूल्यों का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से प्रतिदिन विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के शिल्पकार हैं। उन्होंने शिक्षा में आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि शिक्षकों को स्वयं भी तकनीकी रूप से अद्यतन रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युम्न वाजा ने कहा कि श्रेष्ठ शिक्षक वह है जो विद्यार्थियों को केवल पढ़ाता ही नहीं, बल्कि उन्हें प्रेरित भी करता है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति ज्ञान और शिक्षा के सम्मान से ही संभव है। समारोह में शिक्षा राज्य मंत्री रीवाबा जाडेजा, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव मिलिंद तोरवणे, विभिन्न शिक्षा अधिकारियों, सम्मानित शिक्षकों और उनके परिवारजनों की उपस्थिति रही। VNI NEWS, Gujarat Teachers Day, Best Teacher Award Gujarat, Acharya Devvrat, Bhupendra Patel, Education Gujarat, National Education Policy, Gujarat, Teachers Day, Education, Best Teacher Award, Gandhinagar, VNINews, VNINews.com
