~Gujarat witnessed emotional Ganesh Visarjan on Anant Chaturdashi as devotees bid farewell to eco-friendly Lord Ganesha idols amid prayers, processions and chants.

Ahmedabad, Gujarat, Sep 25 (VNI): गुजरात में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को 10 दिवसीय गणेशोत्सव का समापन हुआ। इस दौरान राज्यभर में भक्तों ने ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं को भावभीनी विदाई दी। मंदिरों, घरों, सोसायटियों और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए कृत्रिम कुंडों, तालाबों तथा जलाशयों में श्रद्धालुओं ने गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
राज्य में सोमवार, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के साथ शुरू हुए गणेशोत्सव के दौरान भक्तों ने भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना, आरती, भजन और कीर्तन किए। अनंत चतुर्दशी के दिन सुबह से ही घरों, सोसायटियों, गली-मोहल्लों, गांवों और शहरों में गणपति प्रतिमाओं की आरती और महाआरती के बाद विसर्जन यात्राएं निकाली गईं। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते हुए बप्पा को विदाई देते नजर आए।
अग्निशमन विभाग और पुलिस के अनुसार राज्य में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्वक हुआ। अहमदाबाद सहित विभिन्न शहरों में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिस तथा दमकल विभाग के जवानों और वाहनों को तैनात किया गया। कम ऊंचाई वाली प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए महानगरपालिकाओं की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम तालाब और विसर्जन कुंड बनाए गए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित तरीके से विसर्जन कर सकें।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अनेक श्रद्धालुओं ने मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं का घर पर ही बनाए गए कुंड में विसर्जन किया और उसी मिट्टी में पौधे लगाने की पहल की। राज्य में कई स्थानों पर डेढ़ दिन, तीन दिन, पांच दिन, सात दिन और 10 दिन के गणेशोत्सव के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान नदी, तालाब और समुद्र की ओर जाने वाले विसर्जन जुलूसों में श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के साथ भाग लिया।
मान्यता है कि विघ्नहर्ता भगवान गणेश को गणेश चतुर्थी पर घर में विराजमान करने से वे भक्तों के विघ्न और बाधाएं दूर करते हैं। शुभ मुहूर्त में गणेश प्रतिमा की स्थापना के बाद अनंत चतुर्दशी के दिन विधि-विधान से बप्पा का विसर्जन किया जाता है। गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्यभर में पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए। VNI NEWS, Gujarat Ganesh Visarjan, Ganesh Chaturthi, Anant Chaturdashi, Ganpati Bappa, Eco Friendly Ganesh Idol, Ahmedabad Ganesh Visarjan, Gujarat Ganesh Festival, Gujarat Ganesh Visarjan, Ganesh Visarjan on Anant Chaturdashi, eco friendly Ganesh idols, Ahmedabad Ganesh Visarjan, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *