~Gujarat Chief Minister Bhupendra Patel paid tribute to Ashok Singhal at his birth centenary seminar in Ahmedabad, recalling his contribution to cultural awakening and national service.

Ahmedabad, Gujarat, Sep 27 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद में आयोजित ‘अशोकजी सिंघल जन्म शताब्दी संगोष्ठी’ में उपस्थित होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री पटेल ने कहा कि अशोक सिंघल एक तपस्वी राष्ट्रसाधक तथा सांस्कृतिक चेतना के संवाहक थे और उनका समग्र जीवन देश, आध्यात्मिक परंपरा तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं राष्ट्रजीवन में जागृति के लिए समर्पित रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करोड़ों हिन्दुओं की आस्था के केन्द्र अयोध्या में भव्य-दिव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए अशोकजी सिंघल द्वारा किया गया संघर्ष एवं संकल्प आज साकार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तथा प्राण-प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अवसर अशोकजी सिंघल सहित अनेक राष्ट्रसाधकों के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने वाला बना है।
श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण के साथ विकास को भी नई गति मिली है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, काशी विश्वनाथ धाम, केदारनाथ धाम, अंबाजी कॉरिडोर सहित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से ‘विरासत भी, विकास भी’ का संकल्प साकार हो रहा है। देश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को विश्व के समक्ष उजागर करने का कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोकजी सिंघल ने हिन्दू समाज की एकता के लिए विशाल हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन कर वेद, संस्कृत, गौ, गंगा, तीर्थ, तीर्थपुरोहित, धर्माचार्यों तथा मठ-मंदिरों की प्राचीन परंपरा की पुनर्स्थापना के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचारों एवं कार्यों ने अनेक युवाओं के अंतर्मन में देशप्रेम तथा राष्ट्रभावना की ज्योति प्रज्वलित की।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की सेवायात्रा के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा, सुशासन और राष्ट्रप्रथम की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अशोकजी सिंघल के जीवन से आगामी पीढ़ी को राष्ट्रप्रथम, संकल्पनिष्ठा, साधना और समर्पण का संदेश ग्रहण करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक एवं विकसित भारत के निर्माण में भी सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। अशोकजी सिंघल के विचारों तथा जीवनकार्य को नई पीढ़ी तक पहुँचाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने अशोकजी सिंघल की राष्ट्रसेवा एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण की यात्रा को नमन करते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संतों-महंतों तथा विश्व हिन्दू परिषद के अग्रणियों के साथ अशोकजी सिंघल के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी देखी।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेन्द्र जैन, पूज्य संत-महंत पुरुषोत्तम शास्त्री, धर्मनंदन कोठारी महाराज, भगवंतदास, मोहनदास, सतनामसिंह, डॉ. खुशरू होमी घडियाली, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सहकार्यवाह सुनील बोरिसा, मगनभाई पटेल, विश्व हिन्दू परिषद-गुजरात के महासचिव अश्विनभाई पटेल, अध्यक्ष हर्षदभाई गिलिटवाला, अहमदाबाद महानगर के अध्यक्ष अंकुरभाई सहित संत, महानुभाव और आमंत्रित लोग उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Ashok Singhal, Ashokji Singhal, Birth Centenary, VHP, Gujarat, Ahmedabad, Ram Temple, Cultural Heritage, National Service, Bhupendra Patel Ashok Singhal, Ashok Singhal Birth Centenary, Ashokji Singhal, VHP Gujarat, VNI NEWS,  VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *