~Bhavnagar Railway Division loco pilots safely rescued three Asiatic lions after spotting them crossing railway tracks on November 20, 2026.
Bhavnagar, Gujarat, Nov 23 (VNI) : पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल के लोको पायलटों ने अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से तीन एशियाई शेरों को संभावित रेल दुर्घटना का शिकार होने से बचा लिया। यह घटना 20 नवंबर, 2026 को पीपावाव-सावरकुंडला–लीलिया मोटा रेलखंड पर हुई।
मंडल रेल प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि भावनगर मंडल एशियाई सिंहों एवं अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्रों में निर्धारित गति सीमा और विशेष सतर्कता के साथ ट्रेनों का संचालन कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ट्रैक्शन) विजेन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में लोको पायलटों को वन्यजीव क्षेत्रों में सावधानी बरतने के लिए लगातार जागरूक किया जाता है।
इसी क्रम में 20 नवंबर को यात्री ट्रेन संख्या 19256 के लोको पायलट राकेश बी. मारू (भावनगर) और वरिष्ठ सहायक लोको पायलट प्रकाश चन्द मीना को किलोमीटर संख्या 53/8 पर तीन एशियाई शेर रेलवे ट्रैक पार करते दिखाई दिए। स्थिति को तत्काल भांपते हुए दोनों ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से तीनों शेर संभावित रेल दुर्घटना से बच गए।
घटना के तुरंत बाद लोको पायलटों ने ट्रेन मैनेजर और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकर राहुल भाई मौके पर पहुंचे और शेरों को सुरक्षित रेलवे ट्रैक से हटाया। स्थिति सामान्य होने के बाद यात्री ट्रेन को सावधानीपूर्वक गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी के अनुसार, भावनगर मंडल में रेलवे और वन विभाग के समन्वित प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2024-25 में 159, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 129 तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अब तक 114 एशियाई सिंहों को संभावित रेल दुर्घटनाओं से बचाया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश वर्मा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक ऋत्विक शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने लोको पायलटों की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। भावनगर मंडल, पश्चिम रेलवे, वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर एशियाई सिंहों सहित अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। VNI NEWS, Three Asiatic Lions Rescued, Bhavnagar Railway Division, Western Railway, Lion Safety, Wildlife Protection, Loco Pilots, Bhavnagar Railway Division, Western Railway, Asiatic Lions, Three Lions Rescued, Loco Pilots, Wildlife Conservation, Indian Railways, Gujarat, Bhavnagar, WesternRailway, AsiaticLions, WildlifeProtection, LocoPilots, IndianRailways, Gujarat, VNINews, VNINews.com
