~Ten senior Gujarat IPS officers will visit 20 border villages on November 26-27 to review security and interact with residents and police personnel.
Gandhinagar, Gujarat, Nov 25 (VNI) : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गुजरात के 20 सीमावर्ती गांवों में सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी स्तर पर समीक्षा के लिए गुजरात पुलिस के 10 वरिष्ठ IPS अधिकारी 26 और 27 नवंबर, 2026 को दो दिवसीय विशेष दौरा करेंगे। इस दौरान अधिकारी स्थानीय निवासियों के घरों में रात्रि प्रवास करेंगे और ग्रामीणों तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी लेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के चतुर्भुज सुरक्षा ग्रिड के विजन तथा अहमदाबाद में हाल ही में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुरूप यह पहल की गई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रत्यक्ष देखरेख में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं की सुरक्षा मजबूत करने के साथ दूरस्थ सीमावर्ती गांवों के नागरिकों की सुरक्षा एवं कल्याण सुनिश्चित करना है।
दो दिवसीय दौरे के दौरान अधिकारी सुरक्षा ढांचे, सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों और बॉर्डर पेट्रोलिंग का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा, दुर्गम क्षेत्रों में तैनात पुलिस जवानों और ग्रामीणों के साथ बैठकें तथा रात्रिकालीन समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन दौरों से प्राप्त जानकारियों के आधार पर सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था और विकास संबंधी योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस अभियान के तहत पूर्व कच्छ-गांधीधाम जिले के कल्याणपर और बाभणका गांव में वडोदरा रेंज के IGपी संदीप सिंह तथा वरसारा और धबड़ा में जामनगर के पुलिस अधीक्षक रवि मोहन सैनी रात्रि प्रवास करेंगे। पश्चिम कच्छ-भुज जिले के सुमरापोर और मोटा पैया में अहमदाबाद शहर क्राइम के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल, अटाडा और लाखापर में गांधीनगर इंटेलिजेंस-2 के IGP एन. एन. चौधरी, मिठडी और भगड़िया में गांधीनगर कानून एवं व्यवस्था के IGP मकरंद गोविंदभाई चौहान तथा रताडिया और रोहतल में भरूच के पुलिस अधीक्षक अक्षय राज प्रवास करेंगे।
इसी प्रकार, वाव-थराद जिले के कारेली और बारडवी में पंचमहल-गोधरा रेंज की DIGP विधि चौधरी, बुकणा और नडोदर में अहमदाबाद पश्चिम रेलवे के पुलिस अधीक्षक यशपाल जगाणिया तथा बोरु और नेसडा में गांधीनगर स्टेट मॉनिटरिंग सेल के पुलिस अधीक्षक एम. जे. चावड़ा रात्रि प्रवास करेंगे। वहीं, पाटण जिले के दात्राणा और बरारा गांव में अहमदाबाद शहर के जोन-8 के पुलिस उपायुक्त मयूर गुलाबराव पाटिल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस विशेष अभियान के माध्यम से गुजरात पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की पहल की है। VNI NEWS, Gujarat Border Security, Gujarat Police, IPS Officers Border Visit, Border Villages Gujarat, Gujarat International Border, Gujarat Police, Border Security, IPS Officers, Kutch, Vav Tharad, Patan, Border Villages, Gujarat Government, Harsh Sanghavi, Amit Shah, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *