~Gujarat CM Bhupendra Patel concludes the 3rd All India Police Badminton Cluster 2026-27 in Ahmedabad, featuring 1,000+ players from 38 teams.
Ahmedabad, Gujarat, Nov 24 (VNI) : गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को अहमदाबाद के नारणपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘तृतीय ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर 2026-27’ के समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिसकर्मी आज खेल के मैदान में खिलाड़ी के रूप में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गुजरात में ‘खेल महाकुंभ’ और विकसित स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण राज्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन रहा है। गुजरात 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2029 में वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स के आयोजन के लिए भी पूरी तरह तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ अभियान ने खेलों को स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण का जनआंदोलन बनाया है। पुलिसकर्मियों के लिए खेल शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में 251 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी को महिला सशक्तीकरण का उल्लेखनीय उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के साथ खेल के मैदान में भी अपने राज्य और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने नशामुक्त भारत और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया। इसके बाद उन्होंने टूर्नामेंट के समापन की आधिकारिक घोषणा की और फ्लैग हैंडिंग सेरेमनी में भाग लिया।
राज्य के पुलिस महानिदेशक जी. एस. मलिक ने बताया कि गुजरात को पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इसमें 10 केंद्रीय पुलिस संगठनों, 24 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 38 टीमों के 1,000 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। लगभग 25 प्रतिशत महिला खिलाड़ियों की भागीदारी पुलिस बल में बढ़ते महिला सशक्तीकरण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पुलिसकर्मी ही मजबूत पुलिस बल की नींव है और यह प्रतियोगिता देशभर के पुलिस संगठनों को एक मंच पर लाने में सफल रही है। प्रतियोगिता में बैडमिंटन क्लस्टर में सीआरपीएफ ओवरऑल चैंपियन और मिजोरम पुलिस उपविजेता रही। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में मणिपुर पुलिस विजेता और उत्तर प्रदेश पुलिस उपविजेता, जबकि महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस विजेता और मणिपुर पुलिस उपविजेता बनी।
प्रतियोगिता में गुजरात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। पुलिस महानिदेशक जी. एस. मलिक और आंध्र प्रदेश की स्वरूपा रानी की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स 55+ श्रेणी में कांस्य पदक हासिल किया। गुजरात की डीवाईएसपी के. मिनी जोसेफ और डीवाईएसपी जितेंद्र यादव ने मिक्स्ड डबल्स 50+ श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, डीवाईएसपी जितेंद्र यादव और हरियाणा कैडर के डीवाईएसपी विपिन कादियान की जोड़ी ने पुरुष डबल्स 40+ श्रेणी में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। समापन समारोह में इंटेलिजेंस ब्यूरो के अपर निदेशक राजीव आहिर, अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष पटेल, आईजी एडमिन गगनदीप गंभीर, अहमदाबाद के महापौर हितेशभाई बारोट, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न राज्यों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। VNI NEWS, All India Police Badminton Cluster 2026-27, Gujarat Police, Bhupendra Patel, Ahmedabad Police Sports, Police Badminton Tournament, All India Police Badminton Cluster, Gujarat Police, Bhupendra Patel, G S Malik, Ahmedabad, Police Sports, Badminton, Table Tennis, CRPF, Manipur Police, Uttar Pradesh, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *