~India Post organizes a state-level Exporters Meet in Ahmedabad to promote international parcel services, MSME exports and India Post Global
Ahmedabad, Gujarat, Nov 26 (VNI) : भारतीय डाक विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय डाक एवं लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार, निर्यातकों के साथ बेहतर समन्वय तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अहमदाबाद में गुजरात स्तरीय ‘निर्यातक सम्मेलन’ (एक्सपोर्टर मीट) का आयोजन किया गया। पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा, राजकोट और भावनगर सहित विभिन्न शहरों के प्रमुख निर्यातकों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। डाक निदेशालय, नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक हिमांशु चौधरी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मेल एवं पार्सल सेवाओं, परिचालन व्यवस्था, विपणन रणनीतियों और नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी। इस दौरान प्रस्तावित ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ सेवा के बारे में भी बताया गया।
गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावलेश्वरकर ने कहा कि यह सम्मेलन निर्यातकों, उद्यमियों और भारतीय डाक विभाग के बीच संवाद एवं सहयोग मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। वाणिज्यिक निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए गुजरात में 57 डाकघर निर्यात केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से छोटे शहरों और गांवों के उद्यमी भी अपने उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों के शाखा डाकघरों के माध्यम से चालू वर्ष में 5,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुक किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि ग्रामीण उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और ‘वोकल फॉर लोकल’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को बढ़ावा देने में डाक विभाग की भूमिका दर्शाती है।
गुजरात परिमंडल के पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि गुजरात देश की जीडीपी में लगभग 8.5 प्रतिशत और कुल निर्यात में करीब 25 प्रतिशत योगदान देता है। पेट्रोकेमिकल्स, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल्स, जेम्स एंड ज्वेलरी, इंजीनियरिंग, सिरेमिक, डेयरी और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में राज्य की महत्वपूर्ण पहचान है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में गुजरात परिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय डाक एवं पार्सल सेवाओं में पिछले वर्ष की तुलना में 70 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ को एमएसएमई, स्टार्टअप्स, स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और ई-कॉमर्स निर्यातकों के लिए वैश्विक बाजार तक तेज और प्रतिस्पर्धी दरों पर पहुंच उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
सहायक महानिदेशक हिमांशु चौधरी ने भारतीय डाक विभाग की चार प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इनमें 2 किलोग्राम तक के दस्तावेजों के लिए अंतरराष्ट्रीय रजिस्टर्ड लेटर, 2 से 5 किलोग्राम तक के ई-कॉमर्स पार्सल के लिए अंतरराष्ट्रीय ट्रैक्ड पैकेट, 20 किलोग्राम तक के पार्सल के लिए अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा और 30 किलोग्राम तक के दस्तावेजों एवं पार्सल के लिए एक्सप्रेस मेल सेवा (ईएमएस) शामिल हैं। प्रस्तावित ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय डिलीवरी 4 से 6 दिनों में करने का लक्ष्य है। संयुक्त महानिदेशक विदेश व्यापार डॉ. राहुल सिंह ने निर्यात प्रोत्साहन के लिए केंद्र सरकार की पहलों की जानकारी दी। गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हितेन वसंत, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स के जयप्रकाश गोयल और अहमदाबाद कस्टम्स ब्रोकर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दर्शन मशरू ने भी छोटे उद्यमों के लिए सुलभ अंतरराष्ट्रीय शिपिंग, सरल कस्टम्स प्रक्रियाओं और बेहतर लॉजिस्टिक्स व्यवस्था के महत्व पर अपने विचार रखे।
सम्मेलन में राजकोट के पोस्टमास्टर जनरल पवन कुमार डालमिया, निदेशक डाक सेवाएं अनुब्रता दास सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव और कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य गुजरात के अधिकाधिक उद्यमियों, एमएसएमई और स्टार्टअप्स को भारतीय डाक विभाग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़कर उनके उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के नए अवसर उपलब्ध कराना रहा। VNI NEWS, India Post Exporters Meet, Ahmedabad Exporters Conference, India Post Global Express, Gujarat Postal Department, International Parcel Services, India Post, Exporters Meet, Ahmedabad, Gujarat, India Post Global Express, International Logistics, MSME Exports, Gujarat Postal Circle, Export Promotion, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *