~पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल ने प्रोजेक्ट मुंबई के सहयोग से फ्रंटलाइन कर्मचारियों के लिए ‘मनस्विन’ मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन पहल शुरू की। कार्यशालाएँ 29 जुलाई 2026 तक आयोजित होंगी।
Mumbai, Maharashtra, July 17 (VNI): पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल ने प्रोजेक्ट मुंबई के सहयोग से फ्रंटलाइन कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क ‘मनस्विन’ पहल की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत कर्मचारियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य उच्च दबाव वाले कार्य वातावरण में कार्यरत कर्मचारियों को तनाव प्रबंधन की व्यावहारिक तकनीकों से परिचित कराना और उनके भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। उद्घाटन सत्र मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के यूसीसी हॉल में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन एवं मानव संसाधन) तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक (यात्री विपणन) की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
कार्यशाला में आरपीएफ, वाणिज्य और परिचालन विभाग के लगभग 50 कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को दैनिक तनाव से निपटने के लिए सरल ब्रीदिंग एक्सरसाइज कराई गईं, साथ ही उत्साहवर्धन के लिए एनर्जेटिक डांस गतिविधि भी आयोजित की गई। सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य टूलकिट और स्माइली स्ट्रेस बॉल भी वितरित किए गए।
यह कार्यशालाएँ 29 जुलाई, 2026 तक आयोजित की जाएँगी, ताकि मुंबई सेंट्रल मंडल के अधिक से अधिक फ्रंटलाइन कर्मचारी इसका लाभ उठा सकें। पश्चिम रेलवे का मानना है कि तनाव प्रबंधन की सरल तकनीकों और रोचक विश्राम गतिविधियों के माध्यम से ‘मनस्विन’ पहल कर्मचारियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। VNI NEWS, Western Railway, Mumbai Central Division, Manasvin, Mental Health, Project Mumbai, Stress Management, Indian Railways, Frontline Staff, Initiative, Frontline Staff, VNINews, VNINews.com
