Mumbai, Maharashtra, Dec 27, नवी मुंबई में साहित्यिक संस्था “सृजन के रंग” के बैनर का लोकार्पण किया गया।
गजानन महतपुरकर ने आज बताया कि नवगठित साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘सृजन के रंग’ के बैनर का लोकार्पण नवी मुंबई के वाशी नगर में आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में हुआ। इस संस्था की स्थापना नवी मुंबई की पाँच लब्ध प्रतिष्ठित कवयित्रियों ने मिलकर की है, जिनमें डॉ. कनक लता तिवारी, बिट्टू जैन ‘सना’, सीमा त्रिवेदी, नन्दिता माजी शर्मा और अन्नपूर्णा गुप्ता ‘सरगम’ शामिल हैं।
संस्थापिका सुश्री बिट्टू जैन ने बताया कि इन सभी ने संगठित तौर पर परस्पर मिलकर इस संस्था की नींव रखी और इसके बैनर का लोकार्पण किया। यह संस्था विभिन्न साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनभाषा हिंदी के लिए किशोर, किशोरियों और युवाओं को जागरूक करने और उनके उत्थान के लिए संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि समाज में छिपी हुई अच्छी प्रतिभाओं को उचित मंच और सम्मान मिले, यही हमारी संस्था का मूल उद्देश्य है। इसी के अनुरूप भारतीय संस्कृति के प्रति युवाओं को कला और साहित्य के माध्यम से जागरूक करने के लिए निकट भविष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। संस्था के बैनर लोकार्पण समारोह में मुंबई और नवी मुंबई के विभिन्न नामचीन साहित्यकारों ने अपनी गरिमामय उपस्थिति से शोभा बढ़ाई।