~निफ्ट गांधीनगर में महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत दो दिवसीय कार्यशाला शुरू, 5 राज्यों के 100 से अधिक हस्तशिल्प कारीगर और बुनकर शामिल।
Gandhinagar, Gujarat, July 22 (VNI): भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) गांधीनगर में महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत दो दिवसीय कार्यशाला का बुधवार को शुभारंभ किया गया।
22-23 जुलाई तक आयोजित इस कार्यशाला में गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के करीब 100 हस्तशिल्प कारीगर, हथकरघा एवं खादी बुनकर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य कारीगरों से सीधा संवाद, परिचालन चुनौतियों की पहचान और पहल के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रणनीति तैयार करना है।
कार्यशाला का उद्घाटन निफ्ट गांधीनगर के निदेशक प्रो. डॉ. समीर सूद ने विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) के पश्चिमी क्षेत्रीय निदेशक दीप्तान्सु हलदर, भारतीय पैकेजिंग संस्थान के उप निदेशक डॉ. बिधान दास तथा आईआईएफटी गिफ्ट सिटी कैंपस के प्रो. (डॉ.) राजेंद्र प्रसाद शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया।
प्रो. समीर सूद ने कहा कि भारत का कपड़ा, हथकरघा, हस्तशिल्प और खादी क्षेत्र विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कारीगरों और युवाओं से रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने का आह्वान किया तथा ग्रामीण उद्यमिता को देश के विकास का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि निफ्ट डिजाइन नवाचार, तकनीकी सहयोग और प्रबंधन सहायता के माध्यम से कारीगरों को बदलते बाजार के अनुरूप प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने निफ्ट के स्वदेशी फैशन फोरकास्टिंग प्लेटफॉर्म विज़िओ नेक्स्ट की जानकारी देते हुए कहा कि इससे कारीगर भविष्य की बाजार मांग और उपभोक्ता रुझानों को समझकर डेड इन्वेंट्री कम कर सकेंगे और बाजार आधारित उत्पाद विकसित कर पाएंगे।
इस अवसर पर दीप्तान्सु हलदर ने महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कारीगरों और बुनकरों के लिए स्थायी आजीविका को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं डॉ. बिधान दास ने पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मूल्यवर्धन पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किया, जबकि प्रो. डॉ. राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने कहा कि पारंपरिक हस्तशिल्प को वैश्विक बाजार से जोड़कर भारत के निर्यात और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सकती है। कार्यशाला के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करेंगे और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे। VNI NEWS, NIFT Gandhinagar, Mahatma Gandhi Gram Swaraj, Handicrafts, Handloom, Textile Ministry, Khadi, Gujarat, VNINews, VNINews.com
