~नागर विमानन मंत्रालय ने यात्रियों को फर्जी एयर सुविधा 2.0 वेबसाइटों से सावधान रहने की सलाह दी है। एयर सुविधा 2.0 सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क हैं और किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
New Delhi, July 25 (VNI): नागर विमानन मंत्रालय ने यात्रियों को फर्जी एयर सुविधा 2.0 वेबसाइटों और पोर्टलों से सतर्क रहने की सलाह दी है। मंत्रालय के संज्ञान में आया है कि कुछ फर्जी वेबसाइटें एयर सुविधा 2.0 होने का दावा कर यात्रियों को भुगतान गेटवे पर भेजकर गुमराह कर रही हैं।
मंत्रालय ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया कि एयर सुविधा 2.0 की सभी सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क हैं और स्व-घोषणा पत्र (Self-Declaration Form) जमा करने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। यात्रियों से कहा गया है कि वे केवल सरकार द्वारा अधिकृत आधिकारिक पोर्टल का ही उपयोग करें।
प्रेस विज्ञप्ति में यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत या यात्रा संबंधी जानकारी साझा करने से पहले उसके यूआरएल की सावधानीपूर्वक जांच करें। साथ ही, एयर सुविधा 2.0 सेवाएं प्रदान करने का दावा करने वाली किसी भी अनधिकृत वेबसाइट पर किसी प्रकार का भुगतान न करें।
नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए केवल सरकारी स्रोतों से जारी प्रामाणिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहें। VNI NEWS, Air Suvidha 2.0, Fake Website, Civil Aviation Ministry, Passenger Advisory, Online Fraud, Passenger Safety, Online Scam, Aviation News, India, VNINews, VNINews.com
