~भरूच बुलेट ट्रेन स्टेशन की बाहरी संरचना पारंपरिक सूती बुनाई कला से प्रेरित होगी। स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जा रहा है।
Bharuch, Gujarat, July 27 (VNI): भरूच के दहेज बाईपास रोड पर निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन की बाहरी संरचना (फैसाड) और वास्तुशिल्पीय डिज़ाइन क्षेत्र की पारंपरिक सूती बुनाई (कॉटन वीविंग) कला से प्रेरित है।
नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने सोमवार को बताया कि स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ विकसित किया जा रहा है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, नर्सरी, शौचालय, रिटेल आउटलेट्स, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। स्टेशन का डिज़ाइन वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। स्टेशन परिसर में कार, दोपहिया वाहन, ऑटो और बसों के लिए पिक-अप एवं ड्रॉप-ऑफ जोन, पार्किंग तथा पैदल यात्रियों के लिए प्लाज़ा क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।
यह स्टेशन सीधे स्टेट हाईवे-06 (भरूच–दहेज हाईवे) से जुड़ा होगा और मुंबई–दिल्ली एक्सप्रेसवे से भी इसकी आसान कनेक्टिविटी रहेगी, जो स्टेशन से लगभग चार किलोमीटर दूर है। भरूच रेलवे स्टेशन बुलेट ट्रेन स्टेशन से करीब सात किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। स्टेशन भवन में ग्राउंड लेवल और प्लेटफॉर्म लेवल सहित दो स्तर होंगे तथा दो साइड प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं।
एनएचएसआरसीएल ने बताया कि रेल एवं प्लेटफॉर्म स्लैब कास्टिंग, स्ट्रक्चरल स्टील इरेक्शन और रूफ शीटिंग का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में फैसाड निर्माण, प्लेटफॉर्म फ्लोरिंग और अन्य वास्तुशिल्पीय फिनिशिंग कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। VNI NEWS, Bharuch Bullet Train Station, NHSRCL, Bullet Train Gujarat, Bharuch High Speed Rail, Cotton Weaving Design, Bharuch, Bullet Train, NHSRCL, High Speed Rail, Gujarat, Infrastructure, Railway Station, Mumbai Ahmedabad Bullet Train
