~अहमदाबाद के SVPI एयरपोर्ट से हब एंड स्पोक अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हुई। इससे यात्रियों को बैगेज, कस्टम और इमिग्रेशन की आसान सुविधा मिलेगी।
Ahmedabad, Gujarat, Sep 01 (VNI): अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (SVPI) से ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं की मंगलवार को विधिवत शुरुआत हुई। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की इस पहल के तहत अमृतसर और वाराणसी के बाद अहमदाबाद देश का तीसरा एयरपोर्ट बन गया है, जिसे अंतरराष्ट्रीय यात्री आवागमन के लिए हब एंड स्पोक नेटवर्क में शामिल किया गया है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक उड्डयन क्षेत्र का तेजी से विस्तार हो रहा है। अहमदाबाद से हब एंड स्पोक सेवा शुरू होने से गुजरात के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को ‘ईज ऑफ ट्रैवल’ का लाभ मिलेगा। छोटे शहरों से आने वाले यात्रियों को अहमदाबाद में ही बैगेज चेकिंग, कस्टम और इमिग्रेशन जैसी प्रक्रियाएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी, जिससे आगे की अंतरराष्ट्रीय यात्रा अधिक सुगम होगी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा कि अहमदाबाद से शुरू हुआ यह मॉडल गुजरात की वैश्विक कनेक्टिविटी, विशाल प्रवासी गुजराती समुदाय तथा व्यापार और उद्योग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस मॉडल के तहत अहमदाबाद से दिल्ली होते हुए करीब 15 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसान कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। अहमदाबाद में ही बैगेज और इमिग्रेशन प्रक्रियाएं पूरी होने से यात्रियों को दिल्ली में फ्लाइट बदलते समय दोबारा इन प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना पड़ेगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के तहत भारत तेजी से वैश्विक एविएशन हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मंत्री के अनुसार, 2014 में देश में 74 एयरपोर्ट थे, जबकि अब यह संख्या 160 से अधिक हो गई है। अहमदाबाद की बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी से हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल, डायमंड-जेम्स, इंजीनियरिंग, सेमीकंडक्टर और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
‘हब एंड स्पोक’ मॉडल में छोटे शहरों के यात्रियों को बड़े केंद्रीय एयरपोर्ट यानी हब तक लाकर वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ा जाता है। इस व्यवस्था में शुरुआती एयरपोर्ट पर ही सामान, कस्टम और इमिग्रेशन से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी हो जाती हैं, जिससे हब पर दोबारा चेक-इन या संबंधित प्रक्रियाओं की आवश्यकता कम हो जाती है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, अहमदाबाद के महापौर हितेशभाई बारोट, मुख्य सचिव एम.के. दास, अदानी एयरपोर्ट के निदेशक जीत अदानी, एयर इंडिया ग्रुप के कॉर्पोरेट अफेयर्स प्रमुख पी. बालाजी सहित नागरिक उड्डयन, पर्यटन और एयरपोर्ट क्षेत्र के अधिकारी मौजूद रहे। VNI NEWS, Ahmedabad Airport, Hub and Spoke, International Flights, SVPI Airport, Gujarat Aviation, Civil Aviation, Ahmedabad International Connectivity, Gujarat, Aviation, Civil Aviation Ministry, Bhupendra Patel, VNINews, VNINews.com
