~India Post launches 24 Speed Post Document Service in Ahmedabad, offering targeted 24-hour delivery, secure tracking and guaranteed next-day delivery for eligible documents.
Ahmedabad, Gujarat, Oct 15 (VNI): भारतीय डाक विभाग ने अपनी प्रीमियम डाक सेवाओं का विस्तार करते हुए गुरुवार को अहमदाबाद में भी ‘24 स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट सेवा’ शुरू की। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद के बाद अब अहमदाबाद में भी यह सेवा उपलब्ध होगी।

गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने अहमदाबाद जीपीओ में राष्ट्रीय डाक सप्ताह के समापन दिवस पर इस सेवा का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को तेज, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से गंतव्य तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर पहली ग्राहक भाविका मांगुकिया ने अहमदाबाद जीपीओ से महाराष्ट्र के ठाणे के लिए स्पीड पोस्ट बुकिंग कराई। बुकिंग के बाद पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने उन्हें रसीद प्रदान की। यह सेवा खुदरा (रिटेल) और थोक (बल्क), दोनों प्रकार के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। हालांकि, इसकी दरें सामान्य स्पीड पोस्ट सेवा से अलग होंगी।
शुभारंभ के बाद कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल अहमदाबाद से मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे क्षेत्र में विभाग द्वारा निर्धारित गंतव्य पिनकोड के लिए पात्र दस्तावेजों की 24 घंटे के भीतर डिलीवरी का लक्ष्य रखा गया है। अहमदाबाद में इस सेवा के लिए अहमदाबाद जीपीओ, नवरंगपुरा बीडी सेल और बिजनेस पोस्ट सेंटर, शाहीबाग को बुकिंग केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा, नवरंगपुरा हेड पोस्ट ऑफिस, एलिसब्रिज, मानेकबाग और पालडी डाकघरों में भी जल्द ही बुकिंग सुविधा शुरू की जाएगी।
इस सेवा की प्रमुख विशेषता अगले दिन डिलीवरी की गारंटी है। निर्धारित शर्तों के अनुसार, डिलीवरी में देरी होने या डाक वस्तु गुम होने की स्थिति में पूरा डाक शुल्क वापस किया जाएगा। भारतीय डाक विभाग रविवार और छुट्टियों के दिनों में भी इस सेवा के तहत डाक वस्तुओं का वितरण करेगा। इन सुविधाओं के जरिए विभाग महत्वपूर्ण दस्तावेजों के प्रेषण के लिए ग्राहकों को अधिक विश्वसनीय और समयबद्ध विकल्प उपलब्ध करा रहा है।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि भारतीय डाक ने 1 अगस्त, 1986 को पत्रों और पार्सलों की समयबद्ध, कुशल और सुरक्षित डिलीवरी के उद्देश्य से स्पीड पोस्ट सेवा शुरू की थी। चार दशकों के सफर में यह प्रीमियम सेवा तकनीक आधारित और तेज डिलीवरी व्यवस्था के रूप में विकसित हुई है। इसी क्रम में भारतीय डाक विभाग ने 17 मार्च, 2026 को दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित देश के छह प्रमुख महानगरों में ‘24 स्पीड पोस्ट’, ‘24 स्पीड पोस्ट पार्सल’ और ‘48 स्पीड पोस्ट’ सेवाओं की शुरुआत की थी। अब ‘24 स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट सेवा’ का विस्तार अहमदाबाद तक किया गया है।
इस सेवा के तहत ओटीपी आधारित सुरक्षित वितरण, एसएमएस अलर्ट के साथ एंड-टू-एंड ट्रैकिंग, व्यावसायिक ग्राहकों के लिए बीएनपीएल सुविधा, बल्क बुकिंग पर निःशुल्क पिकअप, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इन व्यवस्थाओं से डाक वस्तुओं की ट्रैकिंग, सुरक्षित सुपुर्दगी और व्यावसायिक बुकिंग की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा। यह सेवा विशेष रूप से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और अन्य संगठनों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें महत्वपूर्ण दस्तावेजों का शीघ्र एवं समयबद्ध प्रेषण करना होता है।
अहमदाबाद जीपीओ की सीनियर पोस्टमास्टर मंजुलाबेन पटेल ने बताया कि इस सेवा के अंतर्गत अधिकतम 500 ग्राम तक के पात्र दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। इनमें पैन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंकिंग संबंधी दस्तावेज शामिल हैं। सेवा के सुचारु संचालन के लिए विशेष डाक बैग, पैकेजिंग सामग्री, प्राथमिकता स्टिकर, बारकोड लेबल और अन्य निर्धारित सामग्री की व्यवस्था की गई है। ग्राहकों को प्रत्येक डाक वस्तु पर प्रेषक और प्राप्तकर्ता का पूरा एवं सही पता लिखना होगा। साथ ही, निर्धारित नियमों के अनुसार दोनों के मोबाइल नंबर दर्ज करना भी आवश्यक होगा।
इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक, अहमदाबाद शिशिर कुमार, प्रवर अधीक्षक रेल डाक सेवा पीयूष राजक, सीनियर पोस्टमास्टर जीपीओ मंजुलाबेन पटेल, सहायक निदेशक अल्पेश शाह, वारिस वहोरा, सहायक अधीक्षक जगदीश जीड, डाक निरीक्षक भाविन प्रजापति, रोनक शाह और विपुल चडोतरा सहित डाक विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। VNI NEWS, India Post, 24 Speed Post Document Service, Ahmedabad GPO, Krishna Kumar Yadav, India Post Ahmedabad, Speed Post, Ahmedabad Postal Service, 24 Speed Post Document Service Ahmedabad, Ahmedabad GPO Speed Post, India Post 24 Hour Delivery, Krishna Kumar Yadav

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *