~अहमदाबाद में पश्चिम रेलवे और DICCI द्वारा आयोजित वेंडर डेवलपमेंट मीट में 55 SC/ST उद्यमियों को रेलवे खरीद प्रक्रिया, GeM, IREPS और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी किया।
Ahmedabad, Gujarat, July 26 (VNI): आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय विज़न को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के सामग्री प्रबंधन विभाग ने ‘दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ (DICCI) के सहयोग से वेंडर डेवलपमेंट मीट का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के प्रथम पीढ़ी के उद्यमियों को भारतीय रेलवे की खरीद प्रक्रिया और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना था।
मंडल रेल प्रवक्ता के अनुसार कार्यक्रम में SC/ST पृष्ठभूमि के 55 उद्यमियों ने भाग लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक विहार ठाकर, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक स्वयंदीप सिंह, DICCI गुजरात चैप्टर के अध्यक्ष नीरज कुमार, MSME-DFO के सहायक निदेशक उमेश शर्मा, जिला उद्योग केंद्र अहमदाबाद के महाप्रबंधक डॉ. मुंजाल दवे तथा GeM बिजनेस एसोसिएट भूमिका पटेल सहित कई अधिकारियों ने उद्यमियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान आत्मनिर्भर भारत के तहत स्थानीय विनिर्माण और स्थानीय मूल्य संवर्धन, केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं, GeM और IREPS पोर्टलों पर वेंडर पंजीकरण की प्रक्रिया तथा भारतीय रेलवे में उपलब्ध खरीद और आपूर्ति संबंधी अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सूक्ष्म, लघु एवं वंचित वर्ग के उद्यमियों की भागीदारी को मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का समापन संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें उद्यमियों ने रेलवे खरीद प्रक्रिया, निविदाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने उन्हें भारतीय रेलवे की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़कर आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। VNI NEWS, Western Railway Ahmedabad, Vendor Development Meet, DICCI Gujarat, SC ST Entrepreneurs, GeM, IREPS, MSME, Atmanirbhar Bharat, Ahmedabad Division, DICCI, Gujarat, Railway Procurement, VNINews, VNINews.com
