~Rail Minister Ashwini Vaishnaw flags off India’s first salt container train from Shivlakha to Mithapur and dedicates five Gati Shakti Cargo Terminals in Gujarat.

Ahmedabad, Gujarat, Sep 15 (VNI): रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में विभिन्न रेलवे परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं का लोकार्पण, उद्घाटन एवं शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शिवलखा से भारत की पहली सॉल्ट कंटेनर ट्रेन को मीठापुर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही शिवलखा, भीमासर, देवलिया, चंडीसर तथा लिंच स्थित पांच गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
श्री वैष्णव ने कहा कि यह पहल रेलवे में नवाचार और नई सोच का उदाहरण है। गुजरात, विशेषकर कच्छ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नमक उत्पादन होता है, लेकिन पारंपरिक रेल वैगनों से नमक परिवहन में वैगन और नमक के वजन के संतुलन तथा लंबी दूरी के दौरान नमी के कारण गुणवत्ता एवं हैंडलिंग से जुड़ी चुनौतियां आती थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए स्टेनलेस स्टील सॉल्ट कंटेनर विकसित किए गए हैं, जिनमें ऊपर से लोडिंग और साइड से अनलोडिंग की सुविधा है।
भारत की पहली सॉल्ट कंटेनर ट्रेन की शुरुआत से गुजरात के नमक उत्पादन क्षेत्रों को देश के विभिन्न बाजारों से रेल के माध्यम से जोड़ने में मदद मिलेगी। कंटेनरीकृत नमक परिवहन से माल की सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अधिक प्रभावी आवाजाही संभव होगी तथा नमक उत्पादकों एवं व्यापारिक गतिविधियों को देश के विभिन्न हिस्सों तक रेल के जरिए पहुंच बनाने में सुविधा मिलेगी। इससे रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ लॉजिस्टिक्स लागत एवं समय को अनुकूलित करने में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान पांच गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों को राष्ट्र को समर्पित किया गया। भीमासर स्थित AFGB टर्मिनल का विकास लगभग ₹75 करोड़ के निवेश से किया गया है और यह करीब 52 एकड़ क्षेत्र में फैला है। देवलिया के WCGD टर्मिनल में लगभग ₹65 करोड़ का निवेश हुआ है, जबकि चंडीसर के ATGC टर्मिनल पर करीब ₹75 करोड़ का निवेश किया गया है। शिवलखा के KEGS टर्मिनल की प्रस्तावित लागत लगभग ₹200 करोड़ है और यह करीब 150 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से माल प्रबंधन, कंटेनर परिवहन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के साथ हजारों रोजगार अवसरों के सृजन की संभावना है।

रेल मंत्री ने बताया कि कच्छ जिले में लगभग ₹5,600 करोड़ की विभिन्न रेलवे एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। सामाख्याली–भचाऊ सेक्शन की फोर लाइनिंग पूरी हो चुकी है, जबकि भचाऊ–गांधीधाम सेक्शन में तीसरी एवं चौथी लाइन का कार्य प्रगति पर है। गांधीधाम–आदिपुर सेक्शन की फोर लाइनिंग पूरी हो चुकी है और आदिपुर–भुज सेक्शन को डबल लाइन में बदला जा रहा है। इसके अलावा भुज–नलिया गेज कन्वर्जन, नलिया–जखाऊ पोर्ट नई रेल लाइन तथा कच्छ के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली नई रेल लाइन परियोजनाओं से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में अंजार स्टेशन पर ट्रेन संख्या 22829/22830 भुज–शालीमार एक्सप्रेस के ठहराव का भी शुभारंभ किया गया। इससे अंजार एवं आसपास के यात्रियों को लंबी दूरी की रेल यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और समय तथा अतिरिक्त यात्रा व्यय की बचत होगी। इस अवसर पर गोपालपुर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी किया गया। नए स्टेशन से यात्री सुविधाओं एवं रेल संपर्क में सुधार के साथ अहमदाबाद और भुज की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों के लिए गांधीधाम में इंजन रिवर्सल की आवश्यकता कम होगी। इन परियोजनाओं से गुजरात में रेल आधारित माल परिवहन, आधुनिक लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ यात्री रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। VNI NEWS, Ashwini Vaishnaw, Indian Railways, Salt Container Train, Shivlakha, Mithapur, Gujarat Railways, Gati Shakti Cargo Terminal, Kutch, Railway Projects, Logistics, Freight Transport, Anjar Station, Bhuj-Shalimar Express, India’s first salt container train, Ashwini Vaishnaw, Shivlakha salt container train, Mithapur salt transport, Gati Shakti Cargo Terminals Gujarat, Gujarat railway projects, Kutch railway infrastructure, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *