~गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने न्यू जर्सी में ‘गरवी गुजरात ग्लोबल न्यू जर्सी’ कार्यक्रम में गुजराती डायस्पोरा को संबोधित किया और निवेश के अवसरों के साथ गुजरात की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।
Gandhinagar, Gujarat, Aug 23 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अमेरिका दौरे के सातवें दिन न्यू जर्सी में आयोजित ‘गरवी गुजरात ग्लोबल न्यू जर्सी’ कार्यक्रम में गुजराती डायस्पोरा को संबोधित करते हुए उन्हें गुजरात की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने गुजरात की विकास गाथा, निवेश की संभावनाओं और वर्ष 2047 तक विकसित गुजरात के लक्ष्य की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने यंग सीईओ मीट में युवा उद्यमियों, सीईओ, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के बिजनेस लीडर्स के साथ भी संवाद किया।
पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात की बागडोर संभालने के बाद राज्य की विकास यात्रा ने गुजरात को देश के ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित किया है। वर्ष 2001 में बिजली, पानी, सड़क और तटीय क्षेत्रों सहित अनेक चुनौतियों से जूझ रहे गुजरात को विकास की नई दिशा देने का कार्य हुआ। उन्होंने कहा कि आज गुजरात देश के सकल घरेलू उत्पाद में करीब 8.2 फीसदी योगदान देता है, जबकि राज्य का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इस योगदान को 10 फीसदी से अधिक करने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात ने वर्ष 2047 तक ‘विकसित गुजरात’ बनाने के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया है। राज्य को छह जोन में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र के संभावित फोकस सेक्टर, विकास की संभावनाओं और दीर्घकालिक लक्ष्यों को निर्धारित किया गया है। उन्होंने GIFT City का उदाहरण देते हुए कहा कि वैश्विक फाइनेंस और फिनटेक सिटी के रूप में इसकी कल्पना वर्ष 2006-07 के आसपास की गई थी और आज यह वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। उन्होंने डेटा सेंटर क्षेत्र में भी गुजरात की संभावनाओं का उल्लेख किया।
पटेल ने कहा कि गुजरात में एमएसएमई की संख्या वर्ष 2001-02 के लगभग 1.85 लाख से बढ़कर आज करीब 27.9 लाख हो गई है। राज्य देश के औद्योगिक उत्पादन में लगभग 17 फीसदी और कुल निर्यात में करीब 27 फीसदी योगदान देता है। गुजरात की देश के कुल कार्गो हैंडलिंग में हिस्सेदारी लगभग 40 फीसदी है। उन्होंने कहा कि राज्य केमिकल, फार्मा, मैन-मेड फाइबर, डेनिम और डायमंड एक्सपोर्ट जैसे क्षेत्रों में भी देश में अग्रणी स्थान रखता है। स्टार्टअप क्षेत्र में गुजरात लगातार चार वर्षों से राज्य स्टार्टअप रैंकिंग में देश में पहले स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात का पॉलिसी फ्रेमवर्क ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के विजन को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि राज्य में सेक्टर-स्पेसिफिक नीतियों, नई औद्योगिक नीति, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल मानवबल और विश्व स्तरीय कनेक्टिविटी के माध्यम से निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने अमेरिका और कनाडा में बसे गुजराती एवं भारतीय समुदाय से आगामी वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के 11वें संस्करण के अवसर पर गुजरात में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
यंग सीईओ मीट के दौरान नई टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, फिनटेक, डिजिटल इकोनॉमी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, मैन्युफैक्चरिंग, फार्मास्युटिकल्स और सेमीकंडक्टर सहित उभरते क्षेत्रों में गुजरात की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमियों और बिजनेस लीडर्स को गुजरात के साथ नई साझेदारी और निवेश के अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Garvi Gujarat Global, New Jersey, Gujarati Diaspora, Gujarat Development, Vibrant Gujarat, Gujarat Investment, GIFT City, Gujarat Economy, Bhupendra Patel New Jersey, Garvi Gujarat Global New Jersey, Gujarat Development, Vibrant Gujarat Global Summit 2027, VNINews, VNINews.com
