~Gujarat CM Bhupendra Patel inaugurated Sarvoday Van at Oddar in Porbandar, developed across 14 hectares with 1.5 lakh plants of over 70 species at a cost of Rs 20 crore.
Porbandar, Gujarat, Oct 01 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के अंतर्गत महात्मा गांधी की जन्मभूमि पोरबंदर के ओडदर में गुरुवार को सर्वोदय वन का लोकार्पण किया। 14 हेक्टेयर क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सर्वोदय वन में 70 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के डेढ़ लाख पौधे लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा-साधना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर के साथ राज्य के 25वें सांस्कृतिक वन का लोकार्पण समारोह सोने पर सुहागा समान है। इस अवसर पर उन्होंने पोरबंदर जिले में लगभग 113 करोड़ रुपये के 14 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा विचरणशील-घुमंतू जाति के परिवारों को आवास के लिए निःशुल्क प्लॉट और दिव्यांगजनों को साधन सहायता का वितरण किया।
वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया तथा राज्य मंत्री प्रवीणकुमार माली की उपस्थिति में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने वन उपज चेक संबंधित ग्राम-तहसील को वितरित किए। मुख्यमंत्री ने वन महोत्सव को पर्यावरण और विकास को साथ लेकर चलने का संकल्प उत्सव बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य में पर्यावरण संरक्षण का पूरा इकोसिस्टम खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात में पर्यावरण की कीमत पर नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के साथ विकास किया गया है। ‘वन कवच’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में राज्यभर में 789 वन कवच का 1,140 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण हुआ है। वहीं ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ के तहत तीन करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 6.9 करोड़ पौधों का रोपण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण अनुकूल विकास, ग्रीन कवर बढ़ाने तथा वन्यजीव सृष्टि के संरक्षण और संवर्धन के प्रयासों के परिणामस्वरूप सिंहों की संख्या बढ़कर 851 हुई है और उनका विचरण क्षेत्र भी बढ़ा है। बरडा अब सिंहों के आवास का स्थान बन गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दशकों में राज्य के फॉरेस्ट कवर में 70.64 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है, जबकि वृक्षारोपण क्षेत्र में 2,596 वर्ग किलोमीटर, ग्रीन कवर में 2,461 वर्ग किलोमीटर तथा मैंग्रोव क्षेत्र में 253 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने वन, वन्यजीव और पर्यावरण के संरक्षण के साथ विकास को आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत-2047 के लिए विकसित गुजरात के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया ने पोरबंदर में पिछले तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि बरडा डूंगर में वर्ष 2023 में पहला सिंह आने के बाद वर्तमान में 26 सिंहों का निवास है। उन्होंने जंगल सफारी, देवलिया जैसे सफारी पार्क की मंजूरी, 200 करोड़ रुपये की लागत से पक्षी अभयारण्य तथा मेढा क्रीक में बर्ड सेंचुरी की योजना सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुछडी में लगभग 27 हजार करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय शिप बिल्डिंग यार्ड, पोरबंदर को महानगर पालिका का दर्जा तथा अहमदाबाद-राजकोट-पोरबंदर सहित एक लाख करोड़ रुपये के चार एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट जैसे कार्यों से क्षेत्र के विकास को गति मिली है। राज्य मंत्री प्रवीणभाई माली ने पोरबंदर की समुद्री प्रकृति, खिरनी-सरू सहित विभिन्न वृक्षों तथा बरडा अभयारण्य में पाए जाने वाले दुर्लभ वन्यजीव चींटीखोर (सल्लू) का उल्लेख किया और सर्वोदय वन को पोरबंदर की प्राकृतिक विरासत में एक और महत्वपूर्ण जोड़ बताया।
77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर पोरबंदर के सांसद एवं केन्द्रीय श्रम, रोजगार, युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से शुभकामना संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सहित अन्य महानुभावों ने ‘नमो वड वन’, ‘फ्रॉम वन टू वंदन’, ‘बरडा – अ लैंडस्केप ऑफ होप’ तथा ‘स्टेटस सर्वे ऑफ डुगोंग एंड अदर मरीन मैमल्स एंड इकोलॉजिकल असेसमेंट ऑफ सीग्रास हैबिटाट्स अराउंड नरारा एंड एड्जसेंट आइलैंड्स गल्फ ऑफ कच्छ’ पुस्तिकाओं का अनावरण किया। पीपीपी आधार पर मेगा नर्सरी निर्माण के लिए सात कंपनियों के साथ एमओयू भी किए गए। समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबूभाई बोखीरिया, महापौर सागरभाई मोदी, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतलबेन ओडेदरा, विधायक कांधलभाई जाडेजा, मुख्य वन संरक्षक राम रतननाला सहित विभिन्न पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Sarvoday Van, Oddar, Porbandar, Gujarat Forest Festival, 77th State Level Forest Festival, Gujarat Forest Department, Forest Conservation, Environmental Protection, One Tree in Mother’s Name, Van Kavach, Gir Lions, Barda Hills, Gujarat Development, Sarvoday Van Porbandar, Bhupendra Patel, 77th State Level Forest Festival, Forest Conservation Gujarat, Sarvoday Van Oddar, VNINews, VNINews.com
