~Gujarat CM Bhupendra Patel paid tribute to Mahatma Gandhi at Kirti Mandir in Porbandar during an interfaith prayer meeting on Gandhi Jayanti.
Porbandar, Gujarat, Oct 02 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पोरबंदर स्थित कीर्तिमंदिर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूज्य बापू को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सत्य, अहिंसा, सर्वोदय और विश्वबंधुत्व के उनके शाश्वत संदेश को स्मरण किया।
श्री पटेल ने कहा कि सत्य और अहिंसा के पुजारी, युगपुरुष महात्मा गांधीजी ने पोरबंदर की पवित्र धरती पर जन्म लेकर पूरे विश्व को सत्य, अहिंसा, सर्वोदय और विश्वबंधुत्व का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि बापू के अनुसार प्रार्थना आत्मा का भोजन है और यह केवल शब्दों का उच्चारण नहीं, बल्कि अंतरात्मा के साथ संवाद, आत्मपरीक्षण तथा सदाचार के लिए आंतरिक शक्ति प्राप्त करने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विशेषता विभिन्न आस्थाओं, परंपराओं और जीवन पद्धतियों में निहित एकता में है। सर्वधर्म प्रार्थना प्रत्येक व्यक्ति को अपनी श्रद्धा के साथ सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार और परस्पर सम्मान का संदेश देती है। सर्वधर्म समभाव की भावना समाज में अविश्वास को कम कर समरसता, शांति और राष्ट्र की एकता को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूज्य बापू के सर्वधर्म समभाव के ध्येय को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के माध्यम से आगे बढ़ाया है।
श्री पटेल ने कहा कि पूज्य बापू के स्वराज के विचार के साथ आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जुड़कर राष्ट्र के विकास की आधुनिक अभिव्यक्ति बन रहा है। उन्होंने कहा कि बापू के स्वच्छता संबंधी विचार को व्यापक बनाते हुए स्वच्छ भारत मिशन को जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। इसी प्रकार, बापू को प्रिय खादी को ‘खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन’ के संदेश के साथ नई पीढ़ी और युवाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ संवाद, भागीदारी और मानव-केंद्रित सहयोग के लिए विश्वसनीय सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर भारत ने अंग्रेजी शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी और अब 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का ऐतिहासिक अवसर देश के सामने है। उन्होंने आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से सभी से बापू के सत्य, अहिंसा, प्रेम और सर्वोदय के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने तथा हृदय में प्रेम, जीवन में अहिंसा, समाज में समरसता और राष्ट्र प्रथम की भावना रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का अनुरोध किया।
वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया ने कहा कि गांधीजी ऐसे दैवीय व्यक्तित्व थे, जिन्होंने छोटे-छोटे प्रयासों से मानव जीवन को बदलने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों में अंततः समाधान के लिए बातचीत की मेज पर ही आना पड़ता है और यदि देश पहले ही संवाद करें तो लाखों मानव जिंदगियों और पीड़ा को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हिंसा के सामने अहिंसा और असत्य के सामने सत्य की गांधी विचारधारा आज भी पूरे विश्व के लिए शाश्वत एवं आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि घर, गली और देश को स्वच्छ रखना ही बापू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रार्थना सभा में पूज्य बापू के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सर्वधर्म समभाव के शाश्वत जीवनमूल्यों का स्मरण किया गया। कलाकार मंडली ने प्रार्थना और भावमय गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर रमेशभाई ओझा, पोरबंदर मनपा महापौर सागर मोदी, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतलबेन ओडेदरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबूभाई बोखिरिया, पूर्व सांसद रामभाई मोकरिया, जिला कलेक्टर एस. डी. धानाणी, जिला विकास अधिकारी बी. बी. चौधरी, मनपा आयुक्त टी. सी. तीरथाणी, जिला पुलिस अधीक्षक भागीरथसिंह जाडेजा सहित अधिकारी, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Mahatma Gandhi, Gandhi Jayanti, Porbandar, Kirti Mandir, Sarva Dharma Prarthana Sabha, Gujarat CM, Gandhian Values, Truth and Non-Violence, Swachh Bharat, Bhupendra Patel Porbandar, Gandhi Jayanti Porbandar, Kirti Mandir prayer meeting, Mahatma Gandhi tribute, Sarva Dharma prayer सभा, VNINews, VNINews.com
