~Brahma Kumaris National Media Conference 2026 in Abu Road emphasizes positive, purposeful and responsible journalism to promote peace, harmony and human values.
Abu Road, Rajasthan, Sep 10 (VNI): ब्रह्माकुमारी संस्था के मीडिया एवं जनसंपर्क प्रभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन-2026 के उद्घाटन सत्र में मीडिया विंग के अध्यक्ष राजयोगी बी.के. करुणा भाई ने कहा कि भारत विश्व गुरु बनेगा, लेकिन इसके लिए मीडिया को भी सकारात्मक परिवर्तन की क्रांति का वाहक बनना होगा।
बी.के. श्री करुणा भाई ने कहा कि सम्मेलन राष्ट्रीय स्तर का है, लेकिन इसमें होने वाला चिंतन पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण है। देशभर से आए पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने समाज में सकारात्मकता, शांति, सद्भावना और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए मीडिया को अधिक सशक्त, उद्देश्यपूर्ण एवं उत्तरदायी बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया’ रहा।
अध्यक्षीय संबोधन में बी.के. करुणा भाई ने कहा कि जब तक मीडिया श्रेष्ठ विश्व के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य नहीं करता, तब तक सकारात्मक परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से व्यस्त जीवन में कुछ समय निकालकर राजयोग का अभ्यास करने का आह्वान किया। मीडिया विंग की उपाध्यक्ष बी.के. सरला दीदी ने सम्मेलन की शुरुआत पत्रकारों को एक मिनट के मौन एवं मेडिटेशन के साथ कराई। वहीं मीडिया एवं जनसंपर्क प्रभाग के राष्ट्रीय समन्वयक बी.के. निकुंज भाई ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक ने मीडिया की क्षमता कई गुना बढ़ा दी है, लेकिन वास्तविक सुख-शांति के लिए मन का सशक्त और सकारात्मक होना आवश्यक है। उन्होंने मीडिया को ‘पावरफुल’ के साथ ‘पर्पजफुल’ बनाने का सामूहिक संकल्प कराया।
मुख्य वक्ता प्रो. डॉ. मानसिंह परमार, पूर्व कुलपति, केटीयूजेएम, रायपुर ने कहा कि वर्तमान विश्व में युद्ध, हथियारों की होड़ और देशों की संप्रभुता को प्रभावित करने वाली परिस्थितियां चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि मानवता को सद्भावना, प्रेम और शांति से युक्त विश्व की आवश्यकता है। विश्व का नक्शा जोड़ने वाले बच्चे के उदाहरण के माध्यम से उन्होंने कहा कि यदि हम एक-एक मनुष्य को बेहतर बनाने का प्रयास करें तो श्रेष्ठ विश्व का निर्माण संभव है। उन्होंने भारतीय संस्कृति की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि मीडिया को श्रीकृष्ण की तरह शांति के दूत की भूमिका निभाते हुए मानवता को जोड़ने का कार्य करना चाहिए।
भोपाल से आए वरिष्ठ पत्रकार एवं जनसंचार विशेषज्ञ डॉ. संजय द्विवेदी ने कहा कि कम्युनिकेशन में लोगों की आदतों और सोच को बदलने की क्षमता है। मीडिया का काम केवल खबरें देना नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा दिखाना भी है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। भारत न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली के सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ डॉ. सरफराज सैफी ने कहा कि मीडिया केवल लोकतंत्र का चौथा स्तंभ नहीं, बल्कि उसकी धड़कन है। सोशल मीडिया पर लोग पोस्ट को सच मान लेते हैं, इसलिए हर जानकारी को सोच-समझकर प्रस्तुत करना जरूरी है। उन्होंने ब्रेकिंग न्यूज की होड़ में गलत खबरों के प्रसार से होने वाले मानसिक तनाव का उल्लेख करते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर दिया।
न्यूज इंडिया नेटवर्क, नई दिल्ली के सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ राणा यशवंत ने एआई, मशीन लर्निंग और साइबर वॉर के दौर में तकनीक के मानवता पर प्रभाव को लेकर गंभीर चिंतन की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल और उसके एल्गोरिदम काफी हद तक यह तय करते हैं कि व्यक्ति को किस प्रकार की जानकारी और विचार दिखाई दें, इसलिए मीडिया की भूमिका समाज को शिक्षित और जागरूक करने की भी है। जयपुर सब-जोन की प्रभारी राजयोगिनी बी.के. सुषमा दीदी ने उपस्थित पत्रकारों को राजयोग मेडिटेशन का अनुभव कराया। कार्यक्रम में कटक की ओडिसी डांस एकेडमी के कलाकारों ने प्रस्तुति दी और पुनीत इस्सर के स्वागत गान ने उपस्थित लोगों को भावविभोर किया। इस अवसर पर ‘मूल्यनिष्ठ मीडिया’ त्रैमासिक पत्रिका के प्रथम अंक, बी.के. निकुंज भाई की पुस्तक ‘Echoes of Soul’ तथा वरिष्ठ पत्रकार गोपाल नारसन की पुस्तक ‘वरदान’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मीडिया विंग के राष्ट्रीय समन्वयक शांतनु भाई ने वक्ताओं एवं अतिथियों का सम्मान किया। VNI NEWS, Brahma Kumaris, National Media Conference 2026, Abu Road, Karuna Bhai, Media and Public Relations, Responsible Journalism, Positive Media, Rajyoga Meditation, Spirituality, AI and Media, Media Conference, Peace and Harmony, Brahma Kumaris National Media Conference 2026, Positive Media, Responsible Journalism, Karuna Bhai, Abu Road Media Conference, Powerful and Purposeful Media, Rajyoga Meditation, Media and Spirituality, VNINews, VNINews.com,
