~Gujarat shooter Elavenil Valarivan receives a Rs 1.33 crore sports talent award from Deputy CM Harsh Sanghavi for winning two silver medals at Asian Games 2026.

Gandhinagar, Gujarat, Sep 28 (VNI): एशियन गेम्स 2026 में राइफल शूटिंग में दो सिल्वर मेडल जीतने वाली गुजरात की प्रतिभाशाली खिलाड़ी एलावेलिन वलारिवन को राज्य के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने खेल प्रतिभा पुरस्कार योजना के तहत 1.33 करोड़ रुपए का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में एलावेलिन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों में सिल्वर मेडल हासिल किए।
युवा खिलाड़ी को अभिनंदन देते हुए श्री संघवी ने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गुजरात सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब कोई बेटा या बेटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करता है, तो उसमें खिलाड़ी की मेहनत के साथ-साथ उसे संस्कार देकर आगे बढ़ाने में माता-पिता का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की डीएलएसएस योजना के अंतर्गत संचालित संस्कारधाम परिसर से शिक्षा प्राप्त कर चुकीं एलावेलिन वलारिवान ने एशियन गेम्स में गुजरात का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि संस्कारधाम में शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा जब खेल के क्षेत्र में इस प्रकार उपलब्धियां हासिल करते हैं, तो वे राज्य के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।
खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एलावेलिन को गुजरात सरकार की शक्तिदूत योजना तथा ओलंपिक प्रोत्साहन के तहत कुल 1.33 करोड़ रुपए और डीएलएसएस योजना एवं खेल महाकुंभ जैसी योजनाओं के तहत 74 लाख रुपए की सहायता दी गई है। इस प्रकार राज्य सरकार द्वारा उन्हें कुल 2.41 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है।
गुजरात को अपनी कर्मभूमि बनाने वाली एलावेलिन वलारिवान की उपलब्धियां राज्य के साथ-साथ देश के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। अहमदाबाद के मणिनगर क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय शूटर वर्ष 2017-18 से गुजरात सरकार की शक्तिदूत योजना से जुड़ी हैं और वर्तमान में ‘ए’ कैटेगरी में शामिल हैं। उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक तथा 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2019 में रियो डी जेनेरियो में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में उन्होंने 251.7 का शानदार स्कोर बनाकर गोल्ड मेडल जीता था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन को देखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2022 में उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। जूनियर वर्ल्ड कप (सुह्ल और सिडनी 2018), एशियन एयरगन चैंपियनशिप, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स (चेंगदू) तथा 2025 म्यूनिख और कजाकिस्तान प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने अनेक गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। VNI NEWS, Elavenil Valarivan, Harsh Sanghavi, Asian Games 2026, Rifle Shooting, Gujarat Sports, Sports Talent Award, Shaktidoot Yojana, Gujarat Government, Elavenil Valarivan, Rs 1.33 crore sports award, Asian Games 2026, Gujarat shooter, Harsh Sanghavi, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *