~अहमदाबाद स्थित जीसीआरआई में पिछले पाँच वर्षों के दौरान फेफड़े के कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई। विशेषज्ञों ने विश्व लंग कैंसर दिवस पर तंबाकू से दूरी और समय पर जांच कराने की अपील की।

Ahmedabad, Gujarat, Aug. 01 (VNI) अहमदाबाद स्थित द गुजरात कैंसर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (जीसीआरआई) में पिछले पाँच वर्षों के दौरान फेफड़े के कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। विश्व लंग कैंसर दिवस-2026 के अवसर पर जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 से 2025 के बीच संस्थान में कुल 4,830 मरीज दर्ज किए गए। इनमें 3,931 (81.4 प्रतिशत) पुरुष और 899 (18.6 प्रतिशत) महिला मरीज शामिल हैं।
ग्लोबोकैन-2022 की रिपोर्ट के अनुसार भारत में हर वर्ष फेफड़े के कैंसर के 1.12 लाख से अधिक नए मामले सामने आते हैं और 98 हजार से अधिक लोगों की इससे मृत्यु होती है। वहीं वैश्विक स्तर पर प्रतिवर्ष लगभग 26 लाख नए मामले तथा 18 लाख से अधिक मौतें दर्ज होती हैं। जीसीआरआई के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में 813, 2022 में 865, 2023 में 933, 2024 में 1,086 तथा 2025 में 1,133 मरीज दर्ज किए गए, जो लगातार बढ़ते रुझान को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार बीड़ी, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन, पैसिव स्मोकिंग, वायु प्रदूषण तथा औद्योगिक रसायनों एवं एस्बेस्टोस के लंबे समय तक संपर्क में रहना फेफड़े के कैंसर के प्रमुख जोखिम कारक हैं। लंबे समय तक खाँसी रहना, खाँसी में खून आना, सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द, आवाज में बदलाव या अचानक वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के नेतृत्व में राज्य सरकार कैंसर मरीजों को आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 1972 में स्थापित जीसीआरआई में रोबोटिक सर्जरी, पीईटी-सीटी, 3 टेस्ला एमआरआई, 128-स्लाइस सीटी स्कैन, ब्रोंकोस्कोपी, साइबरनाइफ, ट्रूबीम, टोमोथेरेपी, कीमोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। पीएमजेएवाई-एमए जैसी सरकारी योजनाओं के तहत मरीजों को निःशुल्क अथवा रियायती उपचार भी उपलब्ध कराया जाता है।
संस्थान ने नागरिकों से तंबाकू का पूर्ण त्याग करने, समय पर जांच कराने और फेफड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए संदेश दिया है, “तंबाकू छोड़ें, फेफड़े बचाएँ, समय पर जाँच कराएँ, जीवन बचाएँ।” VNI NEWS, GCRI Lung Cancer, World Lung Cancer Day 2026, Lung Cancer Cases Gujarat, Ahmedabad Cancer News, Tobacco Awareness, GCRI, Lung Cancer, World Lung Cancer Day, Ahmedabad, Gujarat Health, Cancer Awareness, Tobacco, Healthcare, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *