~गुजरात सरकार ने आपदा के समय नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे कार्यरत राज्य एवं जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। एसईओसी आधुनिक तकनीक और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करता है।

Gandhinagar, Gujarat, July 31 (VNI): गुजरात सरकार ने आपदा के समय नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे कार्यरत हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। राज्य स्तर पर 1070 तथा जिला स्तर पर 1077 टोल-फ्री हेल्पलाइन पर संपर्क कर कोई भी नागरिक संकट की सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकता है। गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) राज्य में किसी भी प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदा के दौरान केंद्रीय कमांड एवं कंट्रोल हब के रूप में निरंतर कार्य करता है।
एसईओसी भूकंप, बाढ़, चक्रवात, सुनामी, हीटवेव, महामारी, रासायनिक दुर्घटनाओं तथा अग्निकांड जैसी विभिन्न आपदाओं के दौरान संबंधित विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ रियल-टाइम समन्वय स्थापित करता है। इसके लिए आईएमडी, इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (आईएसआर), इसरो, आईएनसीओआईएस, कृषि विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, डीआईएसएच तथा फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज सहित कई संस्थाओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाता है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की 17 तथा एसडीआरएफ की 32 टीमें भी हर समय तैयार रहती हैं। आवश्यकता पड़ने पर सेना, वायुसेना और नौसेना की सहायता भी ली जाती है।
राज्य का आपदा प्रबंधन नेटवर्क 33 जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर, 5 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर तथा 248 तहसील इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के माध्यम से कार्य करता है। जीस्वैन नेटवर्क और 24×7 मॉनिटरिंग व्यवस्था के जरिए आपदा से पहले तैयारी तथा आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाती है। नागरिकों को समय रहते सतर्क करने के लिए विकसित “सचेत पोर्टल” के माध्यम से अब तक 286.4 करोड़ से अधिक एसएमएस भेजे जा चुके हैं, जबकि 6 करोड़ से अधिक मोबाइल ऐप उपयोगकर्ताओं और 5.3 लाख से अधिक वेब ब्राउजर एक्सेस के जरिए भी चेतावनी संदेश पहुंचाए गए हैं।
वर्ष 2001 के कच्छ भूकंप के अनुभवों के आधार पर विकसित आधुनिक एसईओसी आज अत्याधुनिक संचार प्रणाली से लैस है। जीस्वैन हॉटलाइन, सैटेलाइट फोन, लैंडलाइन, ई-मेल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, पुलिस वायरलेस सेट तथा हैम रेडियो जैसे विभिन्न माध्यमों के जरिए आपदा के समय संचार बनाए रखा जाता है, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी संचालन कर राज्य के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। VNI NEWS, Gujarat Disaster Helpline, SEOC Gujarat, Emergency Helpline 1070, Disaster Management Gujarat
Disaster Management, SEOC, Emergency Helpline, NDRF, SDRF, Gandhinagar, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *