~गुजरात में मानसून के 5 सिस्टम सक्रिय होने से अगले 3-4 दिनों तक अहमदाबाद, मध्य और उत्तर गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हाई अलर्ट जारी कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

Gandhinagar, Gujarat, July 25 (VNI): गुजरात में मानसून के पांच सक्रिय मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से आगामी 3-4 दिनों तक मध्य गुजरात, उत्तर गुजरात, अहमदाबाद और सुरेन्द्रनगर सहित कई क्षेत्रों में व्यापक से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।

बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि राज्य में अब तक 40,500 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है तथा 6,367 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। दक्षिण गुजरात में स्थिति सामान्य होने पर वलसाड से एनडीआरएफ की एक टीम 15 नौकाओं के साथ अहमदाबाद भेजी गई है। फिलहाल राज्य में एनडीआरएफ की 17 और एसडीआरएफ की 32 टीमें तैनात हैं, जबकि सेना की छह टुकड़ियां राहत कार्य में लगी हैं और चार टीमें रिजर्व रखी गई हैं।
राहत आयुक्त ने बताया कि वलसाड और नवसारी में पिछले 30 वर्षों की औसत मौसमी वर्षा का क्रमशः 90.98 प्रतिशत और 95.13 प्रतिशत वर्षा अब तक दर्ज हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में खेड़ा जिले में सर्वाधिक करीब 24 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य सरकार ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 40 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। वलसाड में सहायता वितरण शुरू हो चुका है, जबकि नवसारी में जलस्तर घटते ही यह प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
बारिश से क्षतिग्रस्त 365 सड़कों को बहाल किया जा चुका है। सड़क मरम्मत के लिए 225 जेसीबी, 1,500 से अधिक मशीनें और 1,500 कर्मचारी लगातार कार्यरत हैं। ऊर्जा विभाग की 350 टीमें और 1,000 से अधिक विद्युत कर्मी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में पानी उतरने के बाद संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाने तथा मौसम संबंधी सूचनाएं नियमित रूप से जनता तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। VNI NEWS, Gujarat Rain Alert, Gujarat Monsoon, Ahmedabad Rain, Heavy Rain Gujarat, Bhupendra Patel, NDRF Gujarat,
Gujarat, Heavy Rain, Monsoon, Ahmedabad, Weather Alert, NDRF, SDRF, SEOC, Disaster Management, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *