~गुजरात में भारी बारिश के बीच दक्षिण गुजरात में 352 लोगों का रेस्क्यू किया गया, जबकि नवसारी और वलसाड में 22 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने SEOC में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
Gandhinagar, Gujarat, July 24 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार देर रात स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) पहुंचकर राज्य में भारी बारिश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों और प्रभावित जिलों के कलेक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हालात की जानकारी ली। समीक्षा बैठक में बताया गया कि दक्षिण गुजरात में दिनभर चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 352 लोगों का रेस्क्यू किया गया, जबकि नवसारी और वलसाड जिलों में 22 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने दक्षिण गुजरात में शाम 6 से 8 बजे के बीच हुई भारी बारिश के साथ-साथ अहमदाबाद जिले के धोलका, खेड़ा जिले के मेहमदाबाद और मेहसाणा जिले में हुई वर्षा की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को रात्रि के दौरान संभावित भारी बारिश को देखते हुए हाई अलर्ट पर रहने और हर स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर सभी जिलों के साथ हॉटलाइन के माध्यम से लगातार संपर्क में है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की चार टीमें दक्षिण गुजरात पहुंच चुकी हैं, जिनमें दो वलसाड, एक नवसारी में तैनात की गई है, जबकि एक टीम सूरत में स्टैंडबाय रखी गई है। इसके अलावा सौराष्ट्र के विभिन्न जिलों में भी एहतियात के तौर पर एनडीआरएफ और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तैनात हैं। सभी टीमें आवश्यक उपकरणों और बोट के साथ जिला प्रशासन की सहायता कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की। मुख्य सचिव एम.के. दास ने बताया कि राज्य प्रशासन पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन और आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बारिश रुकने और जलभराव कम होने के तुरंत बाद साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत तथा स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं। VNI NEWS, Gujarat Heavy Rain, South Gujarat Rescue, Bhupendra Patel, Navsari Flood, Valsad Rain, NDRF Gujarat, SEOC Gujarat, South Gujarat, Navsari, Valsad, NDRF, SDRF, Flood Rescue, SEOC, VNINews, VNINews.com
