~गुजरात की फैबलेस सेमीकंडक्टर स्टार्टअप इंडीसेमिक ने अमेरिकी कंपनी सेमटेक कॉर्पोरेशन के साथ LoRa-इनेबल्ड SiP प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए रणनीतिक सहयोग किया। यह साझेदारी गुजरात के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को नई मजबूती देगी।
Gandhinagar, Gujarat, July 25 (VNI): गुजरात की फैबलेस सेमीकंडक्टर स्टार्टअप कंपनी इंडीसेमिक (IndieSemiC) प्राइवेट लिमिटेड ने अगली पीढ़ी के LoRa-इनेबल्ड सिस्टम-इन-पैकेज (SiP) प्लेटफॉर्म के विकास के लिए अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी सेमटेक कॉर्पोरेशन के साथ रणनीतिक सहयोग की घोषणा की है। यह घोषणा नई दिल्ली में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश सिन्हा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई।
यह साझेदारी गुजरात के तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर डिजाइन इकोसिस्टम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के नेतृत्व में राज्य सरकार सेमीकंडक्टर नीति 2022-27, गुजरात स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स मिशन (GSEM), सिंगल विंडो सपोर्ट और मजबूत औद्योगिक अवसंरचना के माध्यम से सेमीकंडक्टर विनिर्माण, ATMP, OSAT, डिजाइन प्रतिभा विकास और सप्लाई चेन को बढ़ावा दे रही है। इस वर्ष तीन सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाइयों के वाणिज्यिक संचालन के चरण में पहुंचने के साथ राज्य ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
इंडीसेमिक के संस्थापक निकुल शाह ने बताया कि कंपनी सेमटेक की LoRa तकनीक के साथ एकीकृत RISC-V आर्किटेक्चर आधारित ‘साबरमती क्लास’ 64-बिट जनरल-पर्पज SiP प्लेटफॉर्म विकसित करेगी। यह प्लेटफॉर्म 64-बिट प्रोसेसिंग क्षमता को अल्ट्रा-लो-पावर और लॉन्ग-रेंज वायरलेस कनेक्टिविटी के साथ जोड़ते हुए इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) अनुप्रयोगों के लिए अत्याधुनिक समाधान उपलब्ध कराएगा।
साबरमती क्लास माइक्रोकंट्रोलर्स का उपयोग औद्योगिक ऑटोमेशन, स्मार्ट सिटी, एसेट ट्रैकिंग, स्मार्ट लाइटिंग, स्मार्ट मीटरिंग, कृषि, लॉजिस्टिक्स और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। गुजरात स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स मिशन की मिशन डायरेक्टर नेहा कुमारी ने इंडीसेमिक को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह साझेदारी गुजरात को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। VNI NEWS, Gujarat Semiconductor, IndieSemiC, Semtech Corporation, LoRa, RISC-V, IoT, Semiconductor Startup, GSEM, Gujarat, Semiconductor, Semtech, Electronics, Technology, VNINews, VNINews.com
