~गुजरात के सहयोग से मध्यप्रदेश में अरविंद समूह के टेक्सटाइल और गारमेंट निवेश से करीब 5,000 रोजगार अवसर मिलेंगे। पीएम मित्र पार्क में 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव।
Ahmedabad, Gujarat, Aug 12 (VNI): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अहमदाबाद में कहा कि गुजरात के सहयोग से मध्यप्रदेश में गारमेंट सेक्टर के विस्तार से करीब 5,000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं पर चर्चा की।
डॉ. यादव ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के संबंधों को और प्रगाढ़ करते हुए अरविंद समूह मध्यप्रदेश में अपनी इकाइयां स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप धार स्थित पीएम मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है। अरविंद समूह की इकाइयां देवास के निकट बरलाई, धार के पीएम मित्र पार्क और इंदौर के बेटमा में स्थापित की जा रही हैं।
अरविंद लिमिटेड द्वारा पीएम मित्र पार्क में करीब 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है, जिसके लिए कंपनी को 105 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इंदौर में पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत प्रतिवर्ष करीब 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जाता है। मुख्यमंत्री ने निवेश प्रक्रिया में तेजी लाने और आवश्यक सरकारी अनुमोदन शीघ्र पूरा करने पर भी चर्चा की।
बैठक में टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग के लिए निवेश प्रोत्साहन, पूंजी एवं ब्याज अनुदान, स्टांप एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन तथा अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं सहित विभिन्न प्रावधानों पर विचार-विमर्श हुआ। औद्योगिक क्षेत्रों में जल के पुनः उपयोग के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) प्रणाली और 90 से अधिक विकसित किए जा रहे औद्योगिक पार्कों में कॉमन ZLD सुविधाओं की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
सिंहस्थ-2028 के लिए मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के उपयोग पर भी विचार किया गया। अरविंद लिमिटेड और जेएम बक्सी समूह के संयुक्त उद्यम आर्य ऑम्निटॉक सॉल्यूशंस द्वारा पुलिस, सुरक्षा बल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आयोजन प्रबंधन के लिए वायरलेस कम्युनिकेशन तथा सार्वजनिक सुरक्षा संचार समाधान उपलब्ध कराए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में निवेश तथा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। VNI NEWS, Gujarat Madhya Pradesh cooperation, 5000 jobs, Arvind Group, garment sector, PM MITRA Park, Madhya Pradesh investment, textile industry,
Gujarat, Madhya Pradesh, Kulin Lalbhai, Mohan Yadav, Textile Industry, Investment, Employment, VNINews, VNINews.com
