~गुजरात सरकार ‘युवा आपदा मित्र’ योजना के तहत 17 जिलों में 11,850 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित कर रही है। योजना में 50 प्रतिशत महिला भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आपदा प्रबंधन में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाया जा सके।

Gandhinagar, Gujarat, July 13 (VNI): प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुजरात सरकार ने ‘युवा आपदा मित्र’ परियोजना को गति दी है। इस योजना के तहत 17 जिलों में 11,850 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 50 प्रतिशत महिला भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। पहले चरण में अब तक 4,526 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा वर्ष 2016 में भरूच जिले से 200 स्वयंसेवकों के साथ शुरू हुई यह पहल अब मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्यव्यापी जनसेवा अभियान का रूप ले चुकी है। योजना के अंतर्गत एनसीसी, एनएसएस, एमवाईबी और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवकों को एसडीआरएफ एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दूसरे चरण में स्पीपा के माध्यम से उन्नत प्रशिक्षण भी कराया जाएगा।
प्रशिक्षित आपदा मित्रों को 10 हजार रुपये मूल्य की इमरजेंसी रिस्पॉन्डर किट उपलब्ध कराई जाती है, जिसमें लाइफ जैकेट, हेलमेट, फर्स्ट एड किट, सोलर टॉर्च और 50 मीटर लंबी डिफेंस क्वालिटी रस्सी सहित 15 आवश्यक उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा जिला स्तर पर लगभग 19 लाख रुपये मूल्य की विशेष आपदा प्रतिक्रिया किट भी उपलब्ध रखी जाती है, जिसमें इनफ्लेटेबल रेस्क्यू बोट, चेन सॉ, सैटेलाइट जीपीएस और वॉकी-टॉकी जैसे आधुनिक संसाधन शामिल हैं।
योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के स्थानीय स्वयंसेवकों का चयन किया जाता है। पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त चिकित्सा कर्मियों और सिविल इंजीनियरों को आयु सीमा में छूट दी गई है। प्रशिक्षण पूरा करने पर स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र, परिचय पत्र तथा तीन वर्षों के लिए पांच लाख रुपये का बीमा कवच भी प्रदान किया जाता है। कोविड-19 महामारी और वर्ष 2020 की भरूच बाढ़ के दौरान आपदा मित्रों द्वारा निभाई गई प्रभावी भूमिका इस योजना की उपयोगिता का महत्वपूर्ण उदाहरण रही है।
जीएसडीएमए के अनुसार, प्रत्येक जिले के डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में प्रशिक्षित आपदा मित्रों की अद्यतन संपर्क सूची रखी जाती है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल उनसे संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्यों में उनकी सेवाएं ली जा सकें। VNI NEWS, Gujarat, Disaster Management, Aapda Mitra, Yuva Aapda Mitra, GSDMA, NDMA, Women Empowerment, SDRF, Emergency Response, Gujarat Government, Gujarat Aapda Mitra, Yuva Aapda Mitra Scheme, Women Participation, Disaster Management Gujarat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *