~HCG आस्था कैंसर सेंटर, अहमदाबाद ने 34 वर्षीय ब्लड कैंसर मरीज का पहली बार CAR-T सेल थेरेपी से सफल उपचार कर गुजरात में एडवांस्ड कैंसर उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
Ahmedabad, Gujarat, July 14 (VNI): HCG आस्था कैंसर सेंटर, अहमदाबाद ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 34 वर्षीय प्राइमरी रिफ्रैक्टरी लिम्फोमा (ब्लड कैंसर) से पीड़ित मरीज में अपनी पहली CAR-T सेल थेरेपी सफलतापूर्वक पूरी की है। इस सफलता के साथ गुजरात और आसपास के मरीजों के लिए विश्वस्तरीय व्यक्तिगत सेलुलर कैंसर उपचार अब राज्य के भीतर ही अधिक सुलभ हो गया है।
HCG आस्था कैंसर सेंटर में CAR-T सेल थेरेपी कार्यक्रम का नेतृत्व हेमेटोलॉजी, बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन (BMT) एवं CAR-T सेल थेरेपी विशेषज्ञ डॉ. कौमिल पटेल ने किया। उन्होंने बताया कि मरीज को पहले कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी दी गई थी, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। इसके बाद CAR-T सेल थेरेपी अपनाई गई, जो सफल रही। उनके अनुसार यह उपलब्धि दर्शाती है कि ब्लड कैंसर का उपचार अब पारंपरिक पद्धतियों से आगे बढ़कर अत्याधुनिक सेलुलर थेरेपी के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
CAR-T सेल थेरेपी वर्तमान में उपलब्ध सबसे उन्नत व्यक्तिगत कैंसर उपचारों में से एक मानी जाती है। इसमें मरीज की अपनी T Cells को शरीर से निकालकर आनुवंशिक रूप से इस प्रकार संशोधित किया जाता है कि वे कैंसर कोशिकाओं की पहचान कर उन्हें नष्ट कर सकें। संशोधित कोशिकाओं को पुनः मरीज के शरीर में प्रविष्ट कराया जाता है। यह उपचार विशेष रूप से उन मरीजों के लिए प्रभावी माना जाता है, जिन पर कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी का अपेक्षित असर नहीं होता।
रीजनल डायरेक्टर (गुजरात एवं जयपुर) डॉ. भरत गढ़वी ने कहा कि CAR-T सेल थेरेपी जैसी अत्याधुनिक सेवा शुरू करने के लिए उन्नत तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों, मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर और समन्वित मल्टीडिसिप्लिनरी टीम की आवश्यकता होती है। वहीं, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुदर्शन भामरे ने कहा कि यह उपलब्धि HCG आस्था कैंसर सेंटर की हेमेटोलॉजी, हेमेटो-ऑन्कोलॉजी, बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन और एडवांस्ड सेलुलर थेरेपी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उपचार प्राप्त करने वाले मरीज ने अस्पताल की चिकित्सकीय टीम और स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी उपचार प्रक्रिया के दौरान उन्हें निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और मानसिक संबल मिला। HCG आस्था कैंसर सेंटर का कहना है कि CAR-T सेल थेरेपी जैसी अत्याधुनिक सुविधा के माध्यम से वह वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित, नवाचारपूर्ण और मरीज-केंद्रित कैंसर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है। VNI NEWS, CAR-T Cell Therapy, HCG Astha Cancer Centre, Blood Cancer Treatment, Lymphoma, Ahmedabad, Gujarat, Blood Cancer, Lymphoma, Bone Marrow Transplant, Hematology, Ahmedabad, Gujarat, Cancer Treatment, VNINews, VNINews.com
