~रक्षाबंधन 2026 के लिए भारतीय डाक विभाग ने डिजाइनर जलरोधी राखी कवर और गिफ्ट बॉक्स जारी किए हैं। उत्तर गुजरात के डाकघरों में विशेष बुकिंग और 24 घंटे RMS सुविधा उपलब्ध रहेगी।
Ahmedabad, Gujarat, July 31 (VNI): रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक राखी को सुरक्षित, आकर्षक और समय पर गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब बहनें देश और विदेश में डिजाइनर राखी कवर तथा गिफ्ट बॉक्स के माध्यम से राखी, मिठाई और उपहार आसानी से भेज सकेंगी।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि तीन आकर्षक डिजाइनों में उपलब्ध जलरोधी राखी लिफाफे उत्तर गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर, महेसाणा, अरावली, साबरकांठा, बनासकांठा और पाटन जिलों के सभी प्रधान, उप एवं शाखा डाकघरों के साथ रेलवे मेल सर्विस (RMS) काउंटर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। 11×22 सेंटीमीटर आकार के इन विशेष लिफाफों की कीमत ₹10 (डाक शुल्क अतिरिक्त) रखी गई है।
उन्होंने बताया कि 250 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलोग्राम क्षमता वाले तीन आकार के राखी गिफ्ट बॉक्स भी क्रमशः ₹35, ₹40 और ₹50 में उपलब्ध होंगे। इनके माध्यम से राखी के साथ मिठाई और उपहार भी इंडिया पोस्ट पार्सल सेवा से देश-विदेश भेजे जा सकते हैं। आकर्षक डिजाइन वाले इन बॉक्स और लिफाफों में भारतीय डाक का लोगो, राखी, पूजा थाल, पुष्प तथा भाई-बहन के स्नेह को दर्शाने वाले चित्र शामिल हैं। रंगीन डिजाइन के कारण इनकी पहचान और त्वरित छंटाई भी आसान होगी। विदेशों में किफायती दरों पर राखी भेजने के लिए इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान डाक बुकिंग को सुगम बनाने के लिए अहमदाबाद के शाहीबाग स्थित नेशनल सॉर्टिंग हब, मणिनगर रेलवे स्टेशन, नवरंगपुरा, हिम्मतनगर, महेसाणा तथा गुजरात के राजकोट, सूरत और वडोदरा स्थित RMS काउंटर्स पर 24 घंटे बुकिंग सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं अहमदाबाद जीपीओ, बिजनेस डेवलपमेंट सेल, मानेकबाग, रेलवेपुरा, डीसा, पालनपुर, गांधीनगर, कलोल और पाटन प्रधान डाकघरों में शाम 8 बजे तक बुकिंग की सुविधा दी जाएगी। VNI NEWS, India Post, Raksha Bandhan 2026, Designer Rakhi Cover, Rakhi Gift Box, Ahmedabad Post Office, Raksha Bandhan, Ahmedabad, Gujarat, Postal Service, VNINews, VNINews.com
