~केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है। बिहार और उत्तर प्रदेश में NDRF को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
New Delhi, Aug 26 (VNI): केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है और नेपाल में अचानक आई बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अमित शाह ने नेपाल में आई बाढ़ की स्थिति के संबंध में बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की। उन्होंने कहा कि इस आपदा का प्रभाव जिन भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ सकता है, वहां स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमों के साथ NDRF को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
केन्द्रीय जल आयोग (CWC) की सलाह और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल-चीन सीमा के पास अचानक आई बाढ़/GLOF के कारण नेपाल में भारतीय सीमा से करीब 160 किलोमीटर दूर फुरके खोला में त्रिशूली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। इसका प्रभाव भारत में गंडक नदी के निचले इलाकों में पड़ने की आशंका है।
बिहार और उत्तर प्रदेश सरकारों ने भारत-नेपाल सीमा के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के कदम उठाए हैं। दोनों राज्यों को सतर्क रहने और स्थिति पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। CWC के अनुसार, नेपाल की ओर जलाशयों में जलस्तर कम हो रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। फिलहाल घबराने जैसी स्थिति नहीं है।
नेपाल में भारतीय पर्यटकों के लापता होने की खबरों के बीच विदेश मंत्रालय और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता एवं जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। दूतावास के अनुसार, सहायता के लिए +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क किया जा सकता है। VNI NEWS, India Nepal Flood, Amit Shah, Nepal Flood, NDRF High Alert, Bihar Flood, Uttar Pradesh Flood, Trishuli River, GLOF, India Nepal, NDRF, Uttar Pradesh, Ministry of Home Affairs, VNINews, VNINews.com
