~जामनगर में गर्भ संस्कार–गर्भविज्ञान प्रशिक्षण दीक्षांत समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भारतीय ज्ञान परंपरा, गर्भ संस्कार और मूल्य आधारित शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
Jamnagar, Gujarat, July 12 (VNI): गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की अध्यक्षता में जामनगर के चैंबर ऑफ कॉमर्स में गर्भ संस्कार–गर्भविज्ञान प्रशिक्षण दीक्षांत समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने भारतीय वैदिक ज्ञान परंपरा, गर्भ संस्कार और मूल्य आधारित शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए आधुनिक विज्ञान के साथ प्राचीन भारतीय ज्ञान के समन्वय पर बल दिया।
श्री देवव्रत ने कहा कि वेद, उपनिषद, भगवद्गीता, रामायण, महाभारत और अन्य प्राचीन ग्रंथों में निहित ज्ञान आज भी वैज्ञानिक दृष्टि से प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि केवल भौतिक विकास पर्याप्त नहीं, बल्कि संस्कारी, चरित्रवान और उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण ही वास्तविक विकास है। राज्यपाल ने गर्भाधान, पुंसवन और सीमंत जैसे संस्कारों को श्रेष्ठ पीढ़ी और सशक्त राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा राज्य मंत्री रिवाबा जाडेजा ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आयुर्वेद, योग और गर्भ संस्कार जैसी प्राचीन ज्ञान परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जामनगर में विकसित हो रहा WHO ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने वेद सूतिका किट एवं प्रसूता किट का लोकार्पण किया तथा गर्भविज्ञान एवं गर्भ संस्कार प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले चिकित्सकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में महापौर मोनिका व्यास, प्रो. तनुजा मिश्रा, टी.एस. जोशी, डॉ. हितेश जानी, वैद्य मल्हार जोशी सहित आयुर्वेद एवं शिक्षा जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। इससे पूर्व दो दिवसीय जामनगर दौरे पर पहुंचे राज्यपाल का हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। VNI NEWS, Jamnagar, Garbh Sanskar, Garbhvigyan, Acharya Devvrat, Rivaba Jadeja, Ayurveda, National Seminar, Gujarat Governor, Gujarat, Governor Acharya Devvrat, WHO Traditional Medicine Centre, Education, VNINews, VNINews.com
