Spread the love

Mumbai, Sep 15, Maharashtra राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, मुंबई तथा एस. बी. सिटी कॉलेज, नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘हिंदी दिवस समारोह’ का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत ‘हिंदी की वर्तमान दशा और दिशा’ विषय पर सुरुचिपूर्ण संगोष्ठी सम्पन्न हुई।
गजानन महतपुरकर ने आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि एस. बी. सिटी कॉलेज में आयोजित इस समारोह में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी की उपाध्यक्षा श्रीमती प्रियंका ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में तथा महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के कार्यकारी सदस्य डॉ.विजेंद्र बत्रा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्र संत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के मराठी अध्ययन मंडल के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र नाईकवाडे ने की।
मुख्य अतिथि श्रीमती प्रियंका ठाकुर ने हिंदी भाषा के महत्व का प्रतिपादन करते हुए महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी की विविध गतिविधियों और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं विकास हेतु किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य वक्ता डॉ. विजेंद्र बत्रा ने अपने वक्तव्य में हिंदी भाषा के अतीत, वर्तमान स्थिति और भविष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदी के महत्व, प्रभाव, विस्तार और आवश्यकताओं की भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नई शिक्षा प्रणाली में मातृभाषा के प्रयोग की प्रशंसा की एवं आशा व्यक्त की कि एक संविधान और एक ध्वज की भाॅंति आने वाले समय में हिंदी अवश्य ही भारत देश की राष्ट्रभाषा के रूप में स्थापित होगी, क्योंकि हिंदी ही वह धागा है, जिससे बनाई माला में सभी भाषाओं को बखूबी जोड़ा जा सकता है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. राजेंद्र नाईकवाडे ने हिंदी भाषा और साहित्य के सम्बंध में अपने विचार प्रस्तुत किये। उन्होंने हिंदी के महत्व और उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी ही सच्चे अर्थों में राष्ट्रभाषा होने की हकदार है।
यह समारोह महाविद्यालय के प्राचार्य सुजीत मैत्रेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। संगोष्ठी की प्रस्तावना महाविद्यालय के हिंदी विभाग की समन्वयक डॉ. सुधा जांगिड़ ने प्रस्तुत की। समस्त समारोह का मंच संचालन डॉ. निखिलेश यादव ने किया तथा आभार श्रीमती नीलिमा माटे ने व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में महाविद्यालय के प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। नागपुर शिक्षण मंडल के अध्यक्ष मोहित शाह, उपाध्यक्ष विकास बिंझाणी एवं संस्था सचिव एडवोकेट राजीव देव ने हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस सुरुचिपूर्ण समारोह की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *