Spread the love

Ahmedabad, Gujarat, Feb 15, पश्चिम रेलवे में गुजरात के‌ साबरमती स्टेशन पर पुनर्विकास के अंतर्गत हाई-रूफ निर्माण हेतु ट्रस (Truss) का सफल लॉन्च किया गया। स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत यात्रियों की सुगमता हेतु 20 लिफ्ट, 20 एस्केलेटर तथा 20 सीढ़ियों का प्रावधान किया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे की ओर से आज बताया कि भारतीय रेल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं आधुनिक अवसंरचना विकास की दिशा में साबरमती स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। इस पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत स्टेशन पर ट्रैकों के ऊपर विशाल हाई-रूफ एवं कॉन्कोर्स का निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इन आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी तथा स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने आज स्टेशन पर तीव्र गति से चल रहे पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 एवं 2/3 के ऊपर हाई-रूफ निर्माण के लिए लॉन्च किए गए 28 मीटर लंबे ट्रस का अवलोकन किया।
निर्माणाधीन हाई-रूफ का प्लेटफॉर्म संख्या 4 से 7 के बीच ट्रस लॉन्चिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष भाग में कार्य प्रगति पर है। जिसका प्लेटफॉर्म संख्या 7 से प्लेटफॉर्म संख्या 1 तक तथा आगमन फुटओवर ब्रिज से सर्कुलेटिंग एरिया तक विस्तार होगा।
कॉन्कोर्स क्षेत्र में विशाल प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) एवं फूड प्लाजा जैसी आधुनिक सुविधाए भी होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर आराम एवं खानपान की सुविधा प्राप्त होगी। कॉन्कोर्स का क्षेत्रफल लगभग 110×36 वर्गमीटर होगा। वहीं हाई-रूफ का आकार 122×171 मीटर तथा 88×110 मीटर होगा, जिससे कुल लगभग 30,542 वर्गमीटर क्षेत्र ट्रैकों के ऊपर कवर होगा। यह छत प्लेटफॉर्म से लगभग 65 फीट की ऊंचाई पर स्थापित की जा रही है।
इसी क्रम में 28×4.25×3.25 मीटर आकार एवं लगभग 26 टन वजनी एक विशाल ट्रस को 65 फीट की ऊंचाई पर 810 टन क्षमता वाली क्रेन की सहायता से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। कार्यस्थल की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद यह कार्य 8 घंटे के मेगा ब्लॉक के दौरान सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *