~प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य, आत्मनिर्भरता, युवा सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व और सप्तधारा विकास पर जोर दिया।
New Delhi, Aug 15 (VNI): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा, “समय हमारा है, अवसर हमारा है, संकल्प हमारा है… आओ, मिलकर विकसित भारत बनाएं।” प्रधानमंत्री के संबोधन में आत्मनिर्भर भारत, युवा शक्ति, महिला नेतृत्व, विनिर्माण, तकनीक, रक्षा और हरित अर्थव्यवस्था को विकसित भारत के प्रमुख आधारों के रूप में रेखांकित किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की प्रगति की गति और पैमाना अभूतपूर्व रहा है तथा वैश्विक संकटों के बावजूद देश ने अपनी क्षमताओं को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत आत्मनिर्भर भारत भी होना चाहिए। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से देश अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रहा है। उन्होंने सेमीकंडक्टर विनिर्माण, महत्वपूर्ण खनिजों और वैश्विक सप्लाई चेन में भारत को भरोसेमंद केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया।
श्री मोदी ने देश के विकास के लिए “शक्ति की सप्तधारा” का आह्वान किया। इसमें मैन्युफैक्चरिंग पावर, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन, गतिशक्ति, रक्षा शक्ति, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी तथा सॉफ्ट पावर को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की सामूहिक शक्ति भारत को आने वाले वर्षों में नई गति और ऊंचाई प्रदान करेगी।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को विकसित भारत की यात्रा का प्रमुख आधार बताते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क विकसित करने की बात कही। उन्होंने 2036 ओलंपिक की तैयारियों के लिए गांवों, शहरों और स्कूलों तक 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए देशव्यापी टैलेंट हंट अभियान चलाने की घोषणा की, ताकि खेल प्रतिभाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकें।
उन्होंने महिला शक्ति को राष्ट्र निर्माण में अधिक भागीदारी देने पर जोर देते हुए सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण को जल्द लागू कराने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने नागरिक सुरक्षा के लिए आधुनिक सिविल डिफेंस नेटवर्क विकसित करने और इसमें युवाओं की बड़ी भागीदारी की भी बात कही। साथ ही उन्होंने नक्सलवाद और “दिमागी नक्सल” की चुनौती का उल्लेख करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास स्थिर राजनीतिक जनादेश, स्थिर सरकार, जीवंत लोकतंत्र, मजबूत न्याय तंत्र और देश को दिशा देने वाला संविधान है। उन्होंने देशवासियों, विशेषकर युवाओं से डिजिटल जनगणना में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। अपने संबोधन के समापन पर उन्होंने कहा कि सपनों को संकल्प, संकल्प को सामर्थ्य और सामर्थ्य को सफलता में बदलते हुए हर कदम को विकास का कदम बनाना है। उन्होंने देशवासियों का आह्वान किया—“समय हमारा है, अवसर हमारा है, संकल्प हमारा है… आओ, मिलकर विकसित भारत बनाएं।” VNI NEWS, Narendra Modi, Independence Day 2026, 80th Independence Day, Developed India 2047, Viksit Bharat, Atmanirbhar Bharat, Make in India, Youth Empowerment, Women Led Development, Saptadhara, Viksit Bharat 2047, PM Narendra Modi Independence Day Speech, Developed India, VNINews, VNINews.com,
