~मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सैन फ्रांसिस्को में गुजराती डायस्पोरा से संवाद कर गुजरात में निवेश और वाइब्रेंट गुजरात समिट-2027 में भागीदारी का आमंत्रण दिया।

Gandhinagar, Gujarat, Aug 17 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में गुजराती डायस्पोरा के साथ बैठक और संवाद कर अपनी अमेरिका-कनाडा यात्रा की शुरुआत की।

श्री पटेल आगामी वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में अमेरिका और कनाडा के उद्योग एवं निवेशकों को आमंत्रित करने तथा गुजरात में निवेश और उद्योग स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक सप्ताह की यात्रा पर हैं।
सैन फ्रांसिस्को में गुजराती समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गुजरात की वैश्विक विकास यात्रा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश ने विकास की नई गति हासिल की है और गुजरात देश के सर्वांगीण विकास के ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प में गुजरात ने विकसित गुजरात-2047 के माध्यम से नेतृत्व करने का लक्ष्य तय किया है।
पटेल ने कहा कि गुजरात सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और बायोटेक्नोलॉजी जैसे न्यू-एज सेक्टर में वैश्विक हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वाइब्रेंट गुजरात समिट-2027 इस दिशा में एक प्रभावी मंच बनेगा और सैन फ्रांसिस्को के गुजराती समुदाय तथा उद्योग-व्यापार जगत के अग्रणी इसमें सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
गुजराती समुदाय के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के साथ प्रश्नोत्तर के माध्यम से राज्य के विकास, निवेश और औद्योगिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सिलिकॉन वैली में सेमीकंडक्टर, एआई टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में गुजराती समुदाय के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार वैश्विक गुजराती प्रतिभाओं और गुजरात की कंपनियों एवं उद्योगों के बीच मजबूत सेतु बनाना चाहती है, जिससे नॉलेज शेयरिंग, टेक्नोलॉजी सहयोग और मार्गदर्शन के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृभूमि से हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद सैन फ्रांसिस्को के गुजराती परिवारों ने भाषा, त्योहारों, परंपराओं और मूल्यों को जीवंत रखा है। उन्होंने इन्वेस्टमेंट, को-ऑपरेशन, नॉलेज और ऑपॉर्च्युनिटी के माध्यम से गुजराती समुदाय के साथ मिलकर एक मजबूत इनोवेशन इकोसिस्टम तथा समृद्ध गुजरात के निर्माण की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर मुख्य सचिव एम.के. दास, गुजरात प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ सचिव एवं अन्य प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गुजराती डायस्पोरा उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Gujarat, San Francisco, Gujarati Diaspora, Vibrant Gujarat Summit 2027, Investment, Semiconductor, AI, Data Centers, Biotechnology, Silicon Valley, Gujarat Development, Bhupendra Patel San Francisco, Gujarat Investment, Silicon Valley Gujarati Community, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *