~गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने न्यूयॉर्क में किंड्रिल, ब्लैकरॉक और होल्टेक इंटरनेशनल के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर AI, फिनटेक, निवेश और न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी पर चर्चा की।
Gandhinagar, Gujarat, Aug 21 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 के पूर्वार्ध में अमेरिका दौरे के पांचवें दिन न्यूयॉर्क में विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी उद्योग प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। उन्होंने आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, एसेट मैनेजमेंट, फिनटेक, न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड मैन्युफेक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में गुजरात में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने दुनिया की प्रमुख आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर सेवा प्रदाता कंपनियों में शामिल किंड्रिल के ग्लोबल हेड ऑफ डिलीवरी जेकर्सेस कूपर के साथ बैठक की। चर्चा के दौरान कूपर ने एआई स्ट्रैटेजी, विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स की स्किलिंग, नॉलेज शेयरिंग तथा मेंटरशिप के क्षेत्र में गुजरात सरकार के साथ सहयोग में रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई, डेटा सेंटर और एडवांस्ड मैन्युफेक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में नेक्स्ट-जेनरेशन निवेश के लिए तेजी से पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। उन्होंने किंड्रिल को जनवरी 2027 में होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
श्री पटेल ने एसेट मैनेजमेंट और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ब्लैकरॉक की सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर एवं डेवलपमेंट की ग्लोबल हेड समारा कोहेन के साथ भी वन-टू-वन बैठक की। मुख्यमंत्री ने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) को अंतरराष्ट्रीय फिनटेक हब के रूप में विकसित किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि गिफ्ट सिटी में ईटीएफ और एसेट मैनेजमेंट के क्षेत्र में ग्लोबल हब बनने की क्षमता है। उन्होंने ब्लैकरॉक को गिफ्ट सिटी में अपनी सेवाओं का विस्तार करने तथा आगामी वाइब्रेंट गुजरात समिट में भाग लेने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने होल्टेक इंटरनेशनल के सीईओ के साथ भी बैठक की। न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए हॉट-वेट फ्यूल स्टोरेज सॉल्यूशन के क्षेत्र में कार्यरत होल्टेक ने गुजरात में एयर-कूल्ड कंडेंसर की बढ़ती बाजार जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रिसिजन फैब्रिकेशन सिस्टम शुरू किया है और वर्ष 2025 में इन सुविधाओं का विस्तार किया है। कंपनी ने गुजरात में स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स के उत्पादन तथा अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित करने में रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026 में स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स सहित न्यूक्लियर पावर इक्विपमेंट को थ्रस्ट एरिया के रूप में पहचान दी गई है।
इन बैठकों में गुजरात के मुख्य सचिव एम.के. दास सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारी एवं गुजरात प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को गुजरात में निवेश और सहयोग की संभावनाओं से अवगत कराते हुए वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 में भाग लेने का आमंत्रण दिया। VNI NEWS, Bhupendra Patel, New York Meetings, Kyndryl, BlackRock, Holtec International, GIFT City, Gujarat Investment, Vibrant Gujarat 2027, Gujarat, New York, Kyndryl, Holtec International, GIFT City, AI, FinTech, Nuclear Technology, Vibrant Gujarat 2027, Investment, VNINews, VNINews.com
