~गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि सबकी उन्नति में अपनी उन्नति समझना ही सच्चा मानव जीवन है। अहमदाबाद में 23 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

Ahmedabad, Gujarat, Aug 24 (VNI): गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सोमवार को कहा कि केवल अपनी उन्नति में नहीं, बल्कि सबकी उन्नति में अपनी उन्नति समझना ही सच्चा मानव जीवन है।
अहमदाबाद में गुजरात फर्स्ट चैनल द्वारा ‘राष्ट्रनिर्माण में सहभागी गुजरात’ विषय पर पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत की उपस्थिति में आयोजित समारोह में समाज और राष्ट्र के विकास में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 23 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें उद्यमी, चिकित्सा विशेषज्ञ, इनोवेटर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाएं शामिल थीं।
इस अवसर पर आचार्य देवव्रत ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में अपने क्षेत्र में निष्ठापूर्वक एवं निःस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान उनके कार्य की सराहना के साथ-साथ अन्य लोगों को प्रेरणा देने का भी माध्यम है। महर्षि दयानंद सरस्वती के विचार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को केवल अपनी उन्नति में संतुष्ट नहीं रहना चाहिए, बल्कि सभी की उन्नति में अपनी उन्नति समझनी चाहिए। परिवार के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना ही व्यक्ति को विशिष्ट बनाती है।
राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, प्राकृतिक खेती, उद्योग, स्टार्टअप, वेलनेस और अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिभाएं समाज और आने वाली पीढ़ियों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे नायकों के कार्य और सफलता की बातें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि उनसे प्रेरणा लेकर अन्य लोग भी राष्ट्रनिर्माण में सहभागी बन सकें।
उन्होंने गुजरात फर्स्ट चैनल को समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पहचानकर सम्मानित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अच्छे और प्रेरणादायी कार्यों की जानकारी समाज तक पहुंचाने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
समारोह में अहमदाबाद के मेयर हितेशभाई बारोट, सिद्धि ग्रुप एवं गुजरात फर्स्ट चैनल के चेयरमैन मुकेशभाई पटेल, एम.डी. जस्मीनभाई पटेल, चैनल हेड डॉ. विवेक भट्ट सहित आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। VNI NEWS, Acharya Devvrat, Gujarat Governor, Gujarat First Awards, राष्ट्रनिर्माण, Gujarat achievers, Ahmedabad award ceremony, Gujarat First, Ahmedabad, Award Ceremony, Nation Building, Social Development, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *