~वडोदरा मंडल के ट्रैकमैन हसमुख स्वरूप की सतर्कता से मालगाड़ी में लटकते पाइप की समय पर पहचान हुई और संभावित दुर्घटना व रेलवे संपत्ति की क्षति टली।

Vadodara, Gujarat, Sep 09 (VNI): पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में ट्रैकमैन-I हसमुख स्वरूप की असाधारण सतर्कता और समय पर दी गई सूचना से संभावित दुर्घटना तथा रेलवे संपत्ति को होने वाली क्षति को टाला जा सका। उनके इस सराहनीय संरक्षा कार्य के लिए पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने उन्हें “मैन ऑफ द मंथ” संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक ने जुलाई 2026 के लिए विभिन्न मंडलों के छह रेलकर्मियों को “मैन ऑफ द मंथ” संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया। इन कर्मचारियों को उनकी असाधारण सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में वडोदरा मंडल के ट्रैकमैन-I हसमुख स्वरूप भी शामिल रहे।
29 जुलाई 2026 को ड्यूटी के दौरान हसमुख स्वरूप ने अप लाइन पर किलोमीटर संख्या 396/21–23 के निकट मालगाड़ी संख्या BOSTNE/DGGN में एक लटकता हुआ हिस्सा, BP-3 Tail Main Pipe, देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मालगाड़ी के गार्ड को दी। सूचना मिलने के बाद वडोदरा स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक ने सुबह 09:09 बजे मालगाड़ी को वडोदरा स्टेशन पर रुकवाकर जांच कराई।
जांच में इंजन से जुड़े 22वें वैगन पर BP-3 Tail Main Pipe लटकता हुआ पाया गया। यह पाइप ट्रैक की बैलास्ट को स्पर्श कर रहा था, जिससे रेलपथ और सिग्नल संबंधी परिसंपत्तियों को गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका थी। समय रहते खराबी की पहचान और सूचना दिए जाने से संभावित दुर्घटना एवं रेलवे संपत्ति को होने वाली क्षति को टाला जा सका।
वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने भी हसमुख स्वरूप को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट संरक्षा कार्य की सराहना की। उन्होंने उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। वडोदरा मंडल ने कहा कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और सजग कर्मचारी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित एवं विवेकपूर्ण निर्णय लेकर रेल संचालन, यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। VNI NEWS, Trackman Hasmukh Swaroop, Vadodara Railway, Western Railway, Railway Safety, Man of the Month Award, Railway Accident Averted, Western Railway, Vadodara Division, Hasmukh Swaroop, Trackman, Railway Employees, Safety Award, Vadodara, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *