~Gujarat Chief Minister Bhupendra Patel inaugurated the newly built Shri Valinath Gurukul at Tarabh Valinath Dham in Mehsana, highlighting the role of education and heritage in social development.
Gandhinagar, Gujarat, Sep 13 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को मेहसाणा जिले के तरभ वालीनाथ धाम में नवनिर्मित ‘श्री वालीनाथ गुरुकुल’ का लोकार्पण किया।
श्री पटेल ने इस अवसर पर भगवान वालीनाथ के चरणों में शीश झुकाकर पूजा-अर्चना की और जनकल्याण की मंगलकामना की। वालीनाथ धाम के महंत श्री जयरामगिरीजी महाराज की विशेष उपस्थिति में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षा और धर्म के संगम को विकसित भारत की मूलभूत आवश्यकता बताया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि वालीनाथ धाम रबारी समाज की भक्ति, शक्ति और उन्नति का प्रतीक है। पूज्य बसदेवगिरीजी बापू के आशीर्वाद और पूज्य जयरामगिरी बापू के पुरुषार्थ से निर्मित यह गुरुकुल शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के अनुरूप 900 वर्ष पुरानी विरासत पर नूतन शिवालय की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद शैक्षणिक प्रकल्प का लोकार्पण समाज सुधार की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि मंदिर सदैव ज्ञान के केंद्र रहे हैं और वालीनाथ धाम ने इस परंपरा को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। उन्होंने वालीनाथ धाम द्वारा कक्षा 5 से कॉलेज तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तक वितरण तथा गांधीनगर में कन्या शिक्षा जैसी पहलों की सराहना की। उन्होंने बताया कि वालीनाथ गुरुकुल में लगभग 200 विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से मोबाइल स्क्रीन से दूर रहकर मैदान में शारीरिक खेल खेलने और नशामुक्ति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देते हुए लोगों से प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करने का अनुरोध किया। ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि वालीनाथ धाम पूरे गुजरात की आस्था का केंद्र बन गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने सोलर एवं इलेक्ट्रिकल संबंधी कार्यों के लिए 2.68 करोड़ रुपये का विशेष अनुदान आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि विसनगर की यह पवित्र धरती आने वाले समय में पर्यटन और धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बाबूभाई देसाई ने सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, जबकि महंत श्री जयरामगिरीजी ने आशीर्वचन देते हुए संस्था की सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री और महंत ने दाताओं का सम्मान किया। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया।
समारोह में वालीनाथ धाम के कोठारी दशरथगिरी बापू, जिला पंचायत अध्यक्ष नितिनभाई पटेल, राज्यसभा सांसद मयंकभाई नायक, लोकसभा सांसद हरिभाई पटेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक बलवंतसिंह राजपूत, पूर्व मंत्री रणछोड़भाई रबारी, पद्मश्री मालजीभाई देसाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के अग्रणीजन, दानदाता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Shri Valinath Gurukul, Valinath Dham, Mehsana, Gujarat CM, Gujarat Government, Education, Rabari Community, Tarabh Valinath Dham, Bhupendra Patel Valinath Gurukul, Shri Valinath Gurukul inauguration, Valinath Dham Mehsana, Gujarat CM Bhupendra Patel, Valinath Gurukul, VNINews, VNINews.com,
