~Rajyogini B.K. Mohini Didi calls upon media professionals to promote positive thinking and make media a bridge for peace at the National Media Conference in Mount Abu.

Abu Road, Rajasthan, Sep 13 (VNI): राजयोगिनी बी.के. मोहिनी दीदी ने कहा है कि मीडिया को सकारात्मक सोच और विचारों के माध्यम से शांति का सेतु बनना चाहिए। उन्होंने यह बात ब्रह्माकुमारीज द्वारा 9 से 13 सितंबर 2026 तक राजस्थान के माउंट आबू स्थित मानसरोवर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन एवं मेडिटेशन रिट्रीट के समापन सत्र में कही। सम्मेलन का विषय “शांति के नए युग की ओर सेतु के रूप में मीडिया” था।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की भगिनी संस्था राजयोग एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउंडेशन के मीडिया एवं पीआर विंग द्वारा आयोजित सम्मेलन में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया, जनसंपर्क, मीडिया परामर्श और शिक्षण क्षेत्र से जुड़े 1600 से अधिक मीडिया एवं संबद्ध पेशेवरों ने भाग लिया। सम्मेलन के 14 सत्रों में सत्य, विश्वास एवं पारदर्शिता, आंतरिक स्थिरता के लिए राजयोग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मीडिया, जिम्मेदार सोशल मीडिया, आध्यात्मिक सशक्तीकरण तथा शांति और सामाजिक एकता के निर्माण में मीडिया की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
समापन सत्र में राजयोगिनी बी.के. मोहिनी दीदी ने कहा कि मीडिया सहित प्रत्येक व्यक्ति के मन में शुभ और शांत संकल्प होने चाहिए। जैसे विचार होते हैं, वैसी ही वृत्ति बनती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वस्थ एवं सकारात्मक मन जरूरी है। जीवन में तन, मन, धन और जन का संतुलन आवश्यक बताते हुए उन्होंने कहा कि धन का श्रेष्ठ उपयोग परिवार, समाज और मानव सेवा में होना चाहिए। उन्होंने आत्मिक दृष्टि से मित्रभाव और समान भाव रखने तथा जीवन में किसी के प्रति दुश्मनी न रखने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज की शिक्षा कमल पुष्प समान जीवन जीने की प्रेरणा देती है, जहां नकारात्मकता व्यक्ति को प्रभावित न कर सके। प्रसार भारती न्यूज सर्विस के सीनियर एडिटर (डिजिटल) डॉ. उमानाथ सिंह ने कहा कि दुनिया के अनेक हिस्सों में युद्ध और संघर्ष के बीच शांति की दिशा में ब्रह्माकुमारीज जैसी आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। एएएफटी, नोएडा फिल्म सिटी के डीन डॉ. विकास सिंह ने कहा कि मीडिया को दर्शकों को भी मानसिक और भावनात्मक रूप से संतुलित एवं सकारात्मक बनाए रखने में भूमिका निभानी चाहिए। नेपाल की संपादक सिस्टर माला कुमारी कर्ण ने भारत-नेपाल के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने में मीडिया की भूमिका पर जोर दिया। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि मीडिया को समाज में सकारात्मकता का प्रकाश फैलाना चाहिए।
सम्मेलन में बी.के. सरला बहन और प्रो. डॉ. मानसिंह परमार ने सम्मेलन में तैयार संकल्प एवं कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसका अनुमोदन प्रो. संजय द्विवेदी ने किया। सात सूत्रीय संकल्प में समस्या की प्रस्तुति के साथ उसके मूल कारणों और व्यावहारिक समाधानों को सामने लाने, सत्य एवं पारदर्शिता आधारित पत्रकारिता, जिम्मेदार सोशल मीडिया पारिस्थितिकी तंत्र, शांति-समानता और कमजोर वर्गों की आवाज को बढ़ावा देने तथा मीडिया कर्मियों के आंतरिक मूल्यों और चेतना के विकास पर जोर दिया गया। साथ ही विभिन्न मीडिया संस्थानों एवं कर्मियों को साझा मंच पर लाने के लिए इंडियन मीडिया काउंसिल की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया।
समापन अवसर पर डॉ. बी.के. सविता ने मेडिटेशन एक्सपीरियंस कराया। बी.के. शांतनु ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए मीडिया प्रतिनिधियों से “ब्रेकिंग न्यूज नहीं, बल्कि सशक्त न्यूज बनाएंगे” का संकल्प लेकर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोचेंगे, सकारात्मक फैलाएंगे और अपने कर्मों से सेवा का प्रकाश फैलाएंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बी.के. नंदिनी ने किया। सम्मेलन इस विश्वास के साथ सम्पन्न हुआ कि सशक्त, मूल्य-आधारित और जिम्मेदार मीडिया मानवता को शांतिपूर्ण एवं समरस विश्व की ओर ले जाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। VNI NEWS, Brahma Kumaris, B.K. Mohini Didi, National Media Conference, Mount Abu, Media and Peace, Responsible Media, Rajyoga, Spiritual Empowerment, Positive Journalism, Media for Peace, B.K. Mohini Didi, National Media Conference 2026, Responsible Media, Brahma Kumaris Mount Abu, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *