~Ahmedabad hosted the Gau-Matrushakti Sanskriti Namo Vandan and women empowerment ceremony ahead of Prime Minister Narendra Modi’s 76th birthday, with 76 Gir cows pledged for needy women.

Ahmedabad, Gujarat, Sep 16 (VNI): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुधवार को अहमदाबाद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में सीतावन गीर गौशाला परिवार की ओर से ‘गौ-मातृशक्ति संस्कृति नमो वंदन’ और नारी सशक्तिकरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर गौदान और सेवा पर्व की शुरुआत की गई।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसेवा, साधना और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण के 25 वर्ष आगामी 7 अक्टूबर को पूरे होने जा रहे हैं। उनकी जनसेवा की अनवरत साधना और सफलता को सराहने के लिए देशभर में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूर्व संध्या पर अहमदाबाद में गौदान और सेवा पर्व का यह सेवा यज्ञ शुरू होना अभिनंदनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना, गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण को साकार करना प्रधानमंत्री का दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित गुजरात का निर्माण तभी संभव है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब, वंचित और आदिवासी भाई-बहनों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
उन्होंने बताया कि सीतावन गौशाला परिवार ने आदिवासी, विधवा और पिछड़े वर्ग की 76 बहनों को गायें अर्पित कर सराहनीय पहल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में गौ, गंगा और गायत्री का विशेष महात्म्य है। गाय ग्रामीण जीवन की साथी, किसानों की सहायक और परिवार की आर्थिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। महिलाओं को गौमाता अर्पित कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का यह प्रयास जीवदया और प्रकृति प्रेम की विचारधारा के अनुरूप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी और पिछड़े वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, पेयजल, सिंचाई, बारहमासी सड़क और चौबीसों घंटे बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंचा रही है। एकीकृत डेयरी विकास योजना के तहत 14 आदिवासी जिलों में महिलाओं को तीन दुधारू पशु, पशु बीमा, परिवहन और उपचार सहायता दी जाती है। अब तक 1 लाख 85 हजार से अधिक पशु आदिवासी महिला लाभार्थियों को प्रदान किए जा चुके हैं।
गाय आधारित प्राकृतिक खेती का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देसी गाय के रखरखाव के लिए किसानों को आर्थिक सहायता देकर प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के जनसेवा पर्व के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल में सभी से सहभागी होने का अनुरोध किया और गुरुवार शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करने की अपील की।
सीतावन गीर गौशाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राज्य की 76 जरूरतमंद महिलाओं को 76 स्वस्थ गीर गौमाता दान करने का विशेष सेवा संकल्प लिया है। दसक्रोई के विधायक बाबूभाई जमनादास पटेल और उनके परिवार द्वारा संचालित सीतावन गीर गौशाला गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और गौसेवा के क्षेत्र में कार्यरत है। गौशाला के विभिन्न सेवाकार्यों के समन्वय और संचालन में वैभवभाई पटेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस पहल का उद्देश्य केवल गौमाता का दान करना नहीं है, बल्कि गौसेवा के साथ आदिवासी, गरीब और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की महिलाओं को स्वरोजगार तथा स्थायी आय का साधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है।
समारोह में सदगुरु शास्त्री स्वामी आत्मप्रकाशदासजी, प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री रत्नाकर, सांसद देवूसिंह चौहान, विधायक बाबूभाई पटेल, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता भूपेंद्रसिंह चूड़ासमा, अहमदाबाद जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेशभाई दावड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों के आमंत्रित महानुभाव और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Ahmedabad News, Gujarat News, Gau Seva, Gir Cow, Women Empowerment, Seetavan Gir Gaushala, Bhupendra Patel, Narendra Modi, Seva Sankalp Abhiyan, Natural Farming, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *