~Gujarat CM Bhupendra Patel launches the Harit Ghar-Swasth Samaj campaign in Ahmedabad, highlighting environmental protection, kitchen gardens and sustainable development.
Ahmedabad, Gujarat, Sep 16 (VNI): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को अहमदाबाद में विश्व गुजराती समाज की ओर से आयोजित ‘हरित घर-स्वस्थ समाज’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल किया है और लोगों का उन पर विश्वास कायम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिकूल वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था जिस गति से आगे बढ़ रही है, उसे पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने ब्रिक्स सम्मेलन में भारत के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि गुजरात के विकास में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान बिजली, पानी, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हुए।
श्री पटेल ने कहा कि वर्ष 1960 में बॉम्बे स्टेट से अलग होने के बाद गुजरात के विकास को लेकर कई सवाल थे, लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात ने चहुंमुखी विकास किया। आज राज्य के हर क्षेत्र और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में व्यापक परिवर्तन दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि गुजरात के विकास को देखकर ही देश में यह विश्वास मजबूत हुआ कि नरेन्द्र मोदी भारत को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व देते हैं। ‘मिशन लाइफ’, ‘कैच द रेन’, ‘एक पेड़ मां के नाम’ और प्राकृतिक कृषि जैसे अभियानों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि विश्व गुजराती समाज का ‘हरित घर-स्वस्थ समाज’ अभियान इसी दिशा में एक प्रशंसनीय प्रयास है। घरों में किचन गार्डन विकसित करने से लोगों में पर्यावरण और विकास के प्रति जागरूकता और मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का उल्लेख करते हुए श्री पटेल ने कहा कि इसी सोच के परिणामस्वरूप ‘गिफ्ट सिटी’ वैश्विक फाइनेंशियल हब के रूप में विकसित हुई है और वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के माध्यम से गुजरात वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्रों में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात में करीब 1.85 लाख लघु उद्योग थे, जबकि आज राज्य में 27 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) हैं, जो लाखों लोगों को रोजगार प्रदान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन से एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित गुजरात के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर घर-घर उनके लिए आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले रंगदत्त जोशी, विजय डोबरिया और सोहिल पटेल को सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत 35 स्टार्टअप के उत्पादों और सेवाओं के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
उल्लेखनीय है कि किचन गार्डन के 76,000 पौधों के वितरण के अनोखे अभियान के लिए गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड द्वारा वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। समारोह में विश्व गुजराती समाज के अध्यक्ष भावेश लाखाणी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि संस्था के महामंत्री सुधीर एस. रावल ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विधायक अमितभाई शाह, अमित ठाकर, कौशिक जैन, विश्व गुजराती समाज के पूर्व अध्यक्ष गोरधनभाई पटेल, महेन्द्रभाई शाह, मनीष शर्मा, बिपीन सोनी सहित पदाधिकारी, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्टार्टअप संचालक युवा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Gujarat CM, Harit Ghar Swasth Samaj, World Gujarati Samaj, Ahmedabad, Environmental Protection, Kitchen Garden, Mission LiFE, Gujarat Development, Narendra Modi, Harit Ghar Swasth Samaj campaign, Bhupendra Patel Ahmedabad, Gujarat environmental campaign, World Gujarati Samaj, kitchen garden campaign, VNINews, VNINews.com
