~Keshav Prasad Maurya addresses IFWJ’s 132nd National Council Session virtually, highlighting journalism, democracy, press responsibility, and public interest.

Bodh Gaya, Bihar, Sep 20 (VNI): उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को बिहार के बोधगया में आयोजित इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए पत्रकारिता के महत्व, लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका तथा निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सत्य, तथ्यपरकता और जनहित को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाने का आह्वान किया।
श्री मौर्य ने इस अवसर पर IFWJ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. के. विक्रम राव को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. राव पत्रकारों की बुलंद आवाज थे। भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होने के बावजूद उन्होंने अफसर की कुर्सी के बजाय पत्रकार की कलम को चुना। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, साहस और जनसरोकारों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। डॉ. के. विक्रम राव की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जीवन और कृतित्व पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणास्रोत है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है और निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराने के साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की लेखनी ने जनसामान्य तक महत्वपूर्ण विषयों को पहुंचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से जनता के सामने विभिन्न राजनीतिक दलों और सरकारों के कार्यों का चित्र प्रस्तुत होता है तथा जनता तथ्यों के आधार पर अपना दृष्टिकोण बनाती है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और किसानों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जबकि युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से डॉ. के. विक्रम राव जैसे वरिष्ठ पत्रकारों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जनहित को पत्रकारिता का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने IFWJ के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र के आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारिता जगत में वैचारिक विमर्श, अनुभवों के आदान-प्रदान और युवा पत्रकारों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं। VNI NEWS, Keshav Prasad Maurya, IFWJ, Indian Federation of Working Journalists, 132nd National Council Session, journalism, journalists, Bodh Gaya, Bihar, Uttar Pradesh Deputy Chief Minister, Dr K Vikram Rao, Keshav Prasad Maurya IFWJ, IFWJ 132nd National Council Session, Keshav Prasad Maurya journalism address, Indian Federation of Working Journalists, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *