~Postmaster General Krishna Kumar Yadav highlighted Hindi’s role in national communication at the Hindi Fortnight closing and award ceremony in Ahmedabad.
Ahmedabad, Gujarat, Sep 28 (VNI): वरिष्ठ साहित्यकार एवं उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने सोमवार को कहा कि हिंदी एक समृद्ध, सशक्त और अभिव्यक्ति की दृष्टि से सक्षम भाषा है तथा राजभाषा के रूप में हिंदी ने राष्ट्रीय स्तर पर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि हिंदी को केवल हिंदी दिवस या पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए ज्ञान, व्यवहार, प्रशासन, तकनीक और सृजन के विभिन्न क्षेत्रों में इसके स्वाभाविक एवं प्रभावी प्रयोग को निरंतर बढ़ावा दिया जाए।
श्री यादव क्षेत्रीय कार्यालय, अहमदाबाद में आयोजित ‘हिंदी पखवाड़ा’ समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को हिंदी पुस्तकें एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि हिंदी की मधुरता में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना निहित है और इसकी सरलता में गहन ज्ञान समाहित है। हिंदी को परिवर्तन और विकास की भाषा के रूप में नया आयाम मिला है। उन्होंने कहा कि हिंदी की सबसे बड़ी ताकत इसके बोलने वालों की विशाल संख्या है। हमें हिंदी पर गर्व है, क्योंकि यह न केवल हमारी मातृभाषा और राजभाषा है, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान का प्रतीक भी है। अतः हिंदी को अपनाना, उसका प्रयोग करना और उसके विकास में सहभागी बनना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।
हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पोस्टमास्टर जनरल ने पुरस्कृत किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में योगेश रामानुज, राजेश कुमार और मौलिक देसाई को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार मिला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दर्शन श्रीमाली, सिद्धि दरजी एवं मनीषा बगानी, अनुवाद प्रतियोगिता में मौलिक देसाई, मौलिक दवे एवं कनिका अग्रवाल, हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता में अभिषेक पीठडीया, योगेश रामानुज एवं निशा पटेल तथा हिंदी व्याकरण प्रतियोगिता में हिमांशु प्रजापति, कौशल पटेल एवं दिलीपकुमार पगी को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में आर. टी. पटेल एवं अभिषेक पीठडीया को प्रथम, रामस्वरूप मंगवा एवं योगेश रामानुज को द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हिंदी अंताक्षरी प्रतियोगिता में भरत रेगर, कल्पेश परमार, पायल टी. पटेल, भावेश भरवाड एवं सुरेखा देसाई को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वागत भाषण सहायक निदेशक (राजभाषा) अल्पेश शाह ने दिया, जबकि आभार ज्ञापन सहायक निदेशक वी. एम. वोहरा ने किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक पीठडीया ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक रितुल गांधी, वरिष्ठ लेखाधिकारी पूजा राठोर, सहायक अधीक्षक बिरंग शाह, जीनेश पटेल, रमेश पटेल, रोनक शाह, सहायक लेखाधिकारी सुभाष बारुपाल, रामस्वरूप मंगवा, डाक निरीक्षक पायल पटेल, योगेश पंचोली, रवि रावत सहित तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। VNI NEWS, Hindi, Hindi Fortnight, Krishna Kumar Yadav, Postmaster General, Ahmedabad, Rajbhasha Hindi, Hindi Language, India Post, Hindi national communication, Krishna Kumar Yadav, Hindi Fortnight Ahmedabad, VNINews, VNINews.com
