~NHSRCL partners with SPA Delhi and CEPT University Ahmedabad to provide architecture and urban planning students practical exposure to the Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Corridor.
Ahmedabad, Gujarat, Oct 09 (VNI): युवा आर्किटेक्ट्स, अर्बन प्लानर्स और ट्रांसपोर्ट प्लानिंग के विद्यार्थियों को मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के स्टेशनों की योजना एवं डिजाइन तथा उनके आसपास विकसित होने वाले शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर का व्यावहारिक अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA), दिल्ली और सेंटर फॉर एनवायरनमेंटल प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी (CEPT) यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद के साथ शैक्षणिक सहयोग के माध्यम से यह पहल की है, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक परियोजनाओं से जुड़कर सीखने का अवसर मिलेगा।
एनएचएसआरसीएल की ओर से शुक्रवार को यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस सहयोग के तहत विद्यार्थियों को बुलेट ट्रेन स्टेशनों की योजना एवं डिजाइन, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट इंटीग्रेशन, स्टेशन एरिया डेवलपमेंट, अर्बन डिजाइन और ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। इसके माध्यम से कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परियोजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस पहल के तहत विद्यार्थियों को मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से संबंधित शहरी नियोजन और वास्तुकला की वास्तविक चुनौतियों का अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। वे स्टेशन क्षेत्रों और भविष्य के हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने के साथ ही बेहतर नियोजन और डिजाइन के लिए नए विचारों एवं समाधानों पर भी काम कर सकेंगे।
इस शैक्षणिक सहयोग के अंतर्गत दोनों संस्थानों के सेमेस्टर स्टूडियो, थीसिस और रिसर्च प्रोजेक्ट्स में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना तथा भविष्य की हाई-स्पीड रेल अवसंरचना से जुड़ी वास्तुकला और शहरी नियोजन की चुनौतियों को शामिल किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बड़े परिवहन प्रोजेक्ट्स की योजना, डिजाइन और उनके व्यापक शहरी प्रभावों को समझने का अवसर मिलेगा।
यह पहल आर्किटेक्चर और अर्बन प्लानिंग के विद्यार्थियों को यह समझने में मदद करेगी कि बड़े पैमाने पर विकसित होने वाला परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर किस प्रकार शहरों की संरचना को प्रभावित कर सकता है, विभिन्न परिवहन साधनों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित कर सकता है और रेलवे स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास में योगदान दे सकता है।
इसके साथ ही, इस साझेदारी से वर्तमान और भविष्य के बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के स्टेशन क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य सरकारों और संबंधित एजेंसियों को नए विचार तथा बेहतर नियोजन संबंधी सुझाव मिलने की उम्मीद है। दोनों संस्थानों में हर वर्ष बड़ी संख्या में ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थियों को इस पहल से लाभ मिलने की संभावना है। इसका उद्देश्य ऐसे कुशल युवा पेशेवरों की प्रतिभा विकसित करना है, जो भारत के भविष्य के परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना और डिजाइन में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। VNI NEWS, NHSRCL, Mumbai Ahmedabad Bullet Train, SPA Delhi, CEPT University Ahmedabad, Architecture Students, Urban Planning, High-Speed Rail, Station Area Development, Transit-Oriented Development, Bullet Train Corridor, Architecture and Urban Planning Students, NHSRCL Academic Collaboration, Mumbai-Ahmedabad High-Speed Rail, Station Area Development, VNINews, VNINews.com
