~Gujarat’s visually impaired athlete Tejalben Damor from Dahod won bronze in the women’s 200m T12 event at the Asian Para Games 2026 in Aichi-Nagoya, Japan.

Aichi-Nagoya, Japan, Oct 20 (VNI): जापान के आईची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स-2026 में गुजरात के दाहोद की दृष्टिबाधित धाविका तेजलबेन अमरजी डामोर ने महिला 200 मीटर टी12 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और गुजरात का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन और सर्वश्रेष्ठ समय के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के गांधीनगर स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं 24 वर्षीय तेजलबेन ने हीट्स में 25.25 सेकंड का समय दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले सितंबर 2026 में दुबई पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में उन्होंने 25.47 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता था।

तेजलबेन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच नितिन चौधरी को देते हुए कहा कि इस पदक के पीछे उनके कोच की निरंतर मेहनत, अनुशासन और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान है। संघर्षपूर्ण परिस्थितियों से आगे बढ़कर खेल जगत में अपनी पहचान बनाने वाली तेजलबेन ने वर्ष 2022 में पैरा एथलेटिक्स की शुरुआत की थी।

वर्ष 2025 की वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में छठा स्थान हासिल करने के बाद उन्होंने वर्ष 2026 में राष्ट्रीय चैंपियनशिप और दुबई पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी उपलब्धियां निरंतर मेहनत, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती हैं।

केंद्र सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा एसीटीसी योजना के तहत तेजलबेन की खेल तैयारियों के लिए 2,05,961 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। वहीं, एसएआई के गांधीनगर स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उन्हें प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और आवश्यक बुनियादी ढांचे का सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।

तेजलबेन की मुख्य स्पर्धा महिला 400 मीटर टी12 अभी आयोजित होनी है। 200 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्होंने आगामी स्पर्धा में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई है। तेजलबेन का सपना दाहोद में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए दौड़ का एक विशेष ट्रैक बनाना है, ताकि वे भी खेलों में आगे बढ़ सकें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें। VNI NEWS Tejalben Damor, Asian Para Games 2026, Dahod Athlete, Gujarat Sports, Women’s 200m T12, Visually Impaired Athlete, SAI Gandhinagar, Nitin Chaudhary, Para Athletics India, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *