~Prime Minister Narendra Modi inaugurated and laid the foundation stone of development projects worth over Rs 14,000 crore in Banaskantha, Gujarat, and released the 24th PM Kisan Samman Nidhi installment.
Palanpur, Gujarat, Oct 30 (VNI) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में आयोजित कार्यक्रम में 14,000 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर के किसानों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता अंतरित की गई। साथ ही, डेयरी, कृषि, पशुपालन, रेलवे, मेट्रो और आंगनवाड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात गुजरात को मिली।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसान और अन्नदाता विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं और सरकार ने हमेशा उनके कल्याण एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के अंतर्गत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता प्रदान की गई। इसमें गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,051 करोड़ रुपए से अधिक की राशि मिली। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में किसानों को विभिन्न योजनाओं और निर्णयों के माध्यम से 50 लाख करोड़ रुपए से अधिक का आर्थिक लाभ एवं बचत हुई है। इनमें पीएम किसान सम्मान निधि, खाद सब्सिडी, न्यूनतम समर्थन मूल्य, फसल बीमा योजना और पीएम कुसुम योजना प्रमुख हैं।
प्रधानमंत्री ने कृषि और पशुपालन क्षेत्र में आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में 26 करोड़ से अधिक सॉइल हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं तथा किसानों को बीजों की लगभग 3,000 नई किस्में उपलब्ध कराई गई हैं। पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने बनासकांठा में स्थापित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर को देसी पशुधन की नस्ल सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। यह केंद्र गिर, साहीवाल और कांकरेज गायों तथा मेहसाणा, मुर्रा और जाफराबादी भैंसों की नस्लों के संवर्धन में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य, बेहतर नस्ल और दूध उत्पादन में वृद्धि से पशुपालकों की आय बढ़ेगी। देश में दूध उत्पादन में हुई उल्लेखनीय वृद्धि और पशुओं के मुफ्त टीकाकरण अभियान को भी उन्होंने ग्रामीण समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
प्रधानमंत्री ने बनास डेयरी की सहकारी गतिविधियों और किसानों की आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि नर्मदा के पानी, सुजलाम-सुफलाम नहरों और टपक सिंचाई ने बनासकांठा की तस्वीर बदल दी है। क्षेत्र के आलू आज विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। बनास डेयरी के नए आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तार से किसानों से अधिक आलू की खरीद संभव होगी। इसके अलावा थराद और राधनपुर में दो नए कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्रों का भूमिपूजन किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गोबर और कृषि अवशेषों से बायोगैस, बायो-सीएनजी और जैविक खाद का उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने गुजरात में दो नई रेल सेवाओं, अहमदाबाद-वाराणसी साबरमती एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार, अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे को आठ लेन बनाने तथा राज्यभर में 4,000 से अधिक आधुनिक आंगनवाड़ियों के लोकार्पण और अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर गुजरात की ओर से उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में गुजरात ने बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी चुनौतियों को अवसरों में बदलते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बनासकांठा में नर्मदा के पानी और सिंचाई सुविधाओं से आए बदलावों का उल्लेख करते हुए बनास डेयरी की उपलब्धियों को क्षेत्र की सहकारी शक्ति का उदाहरण बताया। विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी ने भी क्षेत्र में कृषि, पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में प्रधानमंत्री के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी, बनास डेयरी के पदाधिकारी, दूध उत्पादक, किसान और सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। VNI NEWS, Narendra Modi Banaskantha Development Projects, PM Kisan Samman Nidhi 24th Installment, Gujarat Development Projects, Banas Dairy, Banaskantha Farmers, Narendra Modi, Banaskantha, Gujarat, PM Kisan Samman Nidhi, 24th Installment, Banas Dairy, Farmers Welfare, Agriculture, Animal Husbandry, Gujarat Development, Indian Railways, Ahmedabad Metro, Bhupendra Patel, Harsh Sanghavi, VNINews, VNINews.com
