~Gujarat government approves 15-day Diwali parole for 143 eligible prisoners, including 103 senior male inmates and 40 women prisoners, from November 6, 2026.
Gandhinagar, Gujarat, Nov 01 (VNI) : गुजरात सरकार ने दिवाली पर्व के अवसर पर राज्य की जेलों में सजा काट रहे पात्र 143 कैदियों को 15 दिनों की पैरोल पर रिहा करने की मंजूरी दी है। कैदियों के कल्याण और जेल सुधार योजना के तहत लिया गया यह निर्णय उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के मार्गदर्शन में किया गया है, ताकि कैदी अपने परिवारजनों के साथ दिवाली का त्योहार मना सकें।
राज्य सरकार वर्ष 2003 से हर साल दिवाली के अवसर पर पात्र कैदियों को 15 दिनों की पैरोल छुट्टी प्रदान करती आ रही है। इस नीति के तहत पात्र महिला कैदियों और 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र पुरुष कैदियों को त्योहार के दौरान परिवार के साथ समय बिताने का अवसर दिया जाता है।
इस वर्ष सरकार की मंजूरी के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र के 103 पात्र पुरुष कैदियों और 40 महिला कैदियों सहित कुल 143 कैदियों को धनतेरस के दिन यानी 6 नवंबर 2026 से 15 दिनों के लिए दिवाली पैरोल पर छोड़ने का निर्णय किया गया है।
पुलिस महानिदेशक (जेल) डॉ. के.एल.एन. राव ने बताया कि राज्य सरकार के नियमों के अनुसार गंभीर अपराधों में दोषी कैदियों को दिवाली पैरोल का लाभ नहीं दिया जाता है। इनमें हाई कोर्ट में अपील लंबित होने वाले कैदी, एनआरआई और दूसरे राज्यों के निवासी कैदी, एनडीपीएस एक्ट, पोटा और टाडा के तहत सजा काट रहे कैदी तथा आतंकवादी गतिविधियों या राज्य की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल कैदी शामिल हैं।
इसके अलावा, एक से अधिक अपराधों में सजा प्राप्त कैदियों तथा बलात्कार, अपहरण, लूट, डकैती, चोरी और जबरन वसूली जैसे गंभीर एवं समाज विरोधी अपराधों में संलिप्त कैदियों को भी पैरोल का लाभ नहीं दिया जाता। जिन कैदियों पर प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं, वे भी इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे। VNI NEWS, Gujarat Diwali Parole 2026, Gujarat Prisoners Parole, 143 Prisoners, Harsh Sanghavi, Diwali Parole Gujarat, Gujarat Government, Diwali Parole 2026, Gujarat Prison Department, Harsh Sanghavi, Prisoners Welfare, Prison Reforms, Gandhinagar, VNINews, VNINews.com
